ईशान, सूर्या और तिलक का तूफान, साउथ अफ्रीका पर कहर बनकर टूटी टीम इंडिया, मैच में बने 400 से ज्यादा रन
भारतीय क्रिकेट टीम ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी बेहतरीन लय को जारी रखते हुए पहले वॉर्मअप मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया। मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 240 रन बोर्ड पर टांगे थे। जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 210 रन ही बना पाई। इसी के साथ भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में अब अपने घर में खिताब का बचाव करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
साउथ अफ्रीका ने भी बनाए 210 रन
भारतीय टीम के 240 रन के जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने भी तगड़ी बल्लेबाजी की। एडेन मार्करम ने 19 गेंद पर 38 रन की पारी खेली। वहीं रयान रिकेल्टन ने 21 गेंद पर 44 रन की तेज तर्रार पारी खेली। हालांकि उन्हें वरुण चक्रवर्ती ने आउट कर दिया। इसके अलावा जेसन स्मिथ ने 45 और ट्रिस्टन स्टब्स ने नाबाद 21 गेंद पर 45 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से अभिषेक शर्मा ने 2 विकेट लिए।
टीम इंडिया ने बनाए 240 रन
इससे पहले भारतीय बल्लेबाजों ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए रनों का पहाड़ खड़ा कर दिया। इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 240 रन बनाए। भारत की इस विशाल पारी के सूत्रधार ईशान किशन और तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने अपनी पावर-हिटिंग से प्रोटियाज टीम को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया।
ईशान किशन की आतिशी शुरुआत
पारी की शुरुआत करने उतरे ईशान किशन ने मैच की दूसरी ही गेंद से अपने इरादे साफ कर दिए थे। उन्होंने संजू सैमसन की जगह मिले मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए मात्र 20 गेंदों में 53 रनों की भयंकर पारी खेली। ईशान ने अपनी पारी में 7 छक्के जड़े, जिसमें एनरिक नॉर्टजे के एक ही ओवर में लगाए गए चार लगातार बाउंड्री (6, 6, 4, 6) शामिल थे। उन्होंने अभिषेक शर्मा (24 रन) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 34 गेंदों में 80 रनों की साझेदारी कर टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई।
तिलक और सूर्या का जलवा
ईशान के रिटायर्ड आउट होने के बाद भी रनों की रफ्तार कम नहीं हुई। नंबर 3 पर आए तिलक वर्मा ने अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखते हुए दक्षिण अफ्रीकी स्पिनरों और तेज गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया। तिलक ने महज 16 गेंदों में 40 रन ठोक दिए, जिसमें उन्होंने 3 शानदार छक्के लगाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी चिर-परिचित अंदाज में मैदान के चारों ओर शॉट्स खेलते हुए तेजी से रन बटोरे। अंतिम ओवरों में हार्दिक पंड्या के कैमियो की बदौलत भारत 240 के स्कोर तक पहुंचने में सफल रहा।
