सभी अधिकारियों का मंगलवार व बुधवार को कार्यालय में उपस्थिति अनिवार्य : कलेक्टर मिश्रा
बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने-अपने मुख्यालय एवं कार्योलयों में उपस्थित रहकर शासकीय कार्यों का संपादन करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर मिश्रा आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उक्ताशय के निर्देश दिए हैं। मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को राज्य शासन द्वारा जारी किए गए इस आदेश का अपने-अपने विभागों में कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने ग्रीष्मऋतु के आगमन के मद्देनजर जिले के आम नागरिकों के लिए समुचित मात्रा में पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु किए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि ग्रीष्मकाल के दौरान किसी भी स्थिति में जिलेवासियों को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की समस्या से जुझना न पड़े। इसके लिए उन्होंने समय पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष एवं राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर मिश्रा ने राज्य शासन द्वारा राज्य के सभी राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थिति के संबंध में जारी किए गए निर्देशों के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने राज्य शासन के निर्देशानुसार सभी अधिकारियों को मंगलवार एवं बुधवार को अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय एवं कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यालयीन नस्तियों का निराकरण, विभागीय समीक्षा एवं आम जनता के समस्याओं का समाधान करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा अधिकारियों का दौरा कार्यक्रम गुरूवार एवं शुक्रवार को निर्धारित किया गया है। मिश्रा ने सभी अधिकारियों को राज्य शासन के द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देश के अनुसार गुरूवार एवं शुक्रवार के दिन अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कार्यक्रम करने के भी निर्देश दिए हैं। बैठक में मिश्रा ने आगामी ग्रीष्मऋतु के मद्देनजर जिले में आम नागरिकों को पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। इसके लिए उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जनपद पंचायत, नगरीय निकाय एवं अन्य संबंधित विभागों को कार्ययोजना बनाकर समय पूर्व इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
