कमलनाथ अब पंडित प्रदीप मिश्रा से कथा कराएंगे

भोपाल।  मध्यप्रदेश कांग्रेस अब भाजपा की तर्ज पर हिंदुत्व कार्ड खेलने में पीछे नहीं है। पीसीसी चीफ कमलनाथ छिंदवाड़ा में अब पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा करवा रहे हैं। सिमरिया हनुमान मंदिर में 42 एकड़ मैदान में 5 से 9 सितंबर तक कथा आयोजित की जाएगी। इसके लिए युद्धस्तर पर तैयारी की जा रही है। इससे पहले, 5 से 7 अगस्त तक कमलनाथ ने सिमरिया में ही पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा का आयोजन करवाया था। इसके बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जामसांवली के हनुमान मंदिर में 314 करोड़ से हनुमान लोक बनाने की घोषणा की थी।
मारुति नंदन सेवा समिति के संयोजक आनंद बख्शी ने बताया कि कथा का समय दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक रहेगा। कथा स्थल से कुछ दूर हैलीपेड भी बनाया गया है। नागपुर रोड स्थित जिस लॉन में पंडित धीरेंद्र शास्त्री रुके थे, उसी लॉन में कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा भी टीम के साथ ठहरेंगे।
कार्यक्रम को लेकर आयोजन समिति का रोडमैप तैयार है। एक दिन पहले यानी 4 सितंबर की सुबह पंडित प्रदीप मिश्रा विशेष विमान से पीसीसी चीफ कमलनाथ के साथ छिंदवाड़ा पहुचेंगे। यहां सांसद नकुलनाथ उनकी अगवानी करेंगे। दोपहर 3 बजे से वे खुली जीप में नगर भ्रमण करेंगे। इस दौरान कई जगह उनका स्वागत भी किया जाएगा। सांसद नकुलनाथ भी राजीव गांधी भवन के सामने स्वागत करेंगे।
कथा के लिए करीब ढाई लाख वर्गफीट में तीन वाटर प्रूफ पंडाल बनाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं को बैठने के लिए लकड़ी प्लाई वाली फ्लोरिंग लगाई गई है। इसके अलावा, एक लाख वर्ग फीट में फ्लोरिंग रहेगी, ताकि बैठने में परेशानी ना आए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *