कश्मीर कोई मुद्दा नहीं, पीओके के लोग कह रहे हमें भारत का हिस्सा बनाइए-योगी

लखनऊ । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई बीजेपी के ही नहीं, नए भारत के भी शिल्पी हैं। सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि उनके (मोदी के) नेतृत्व में 18 करोड़ कार्यकर्ताओं वाली दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बीजेपी ने अपने सांगठनिक विकास के साथ ही देश के विकास को भी गति दी है। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब कश्मीर कोई मुद्दा नहीं रह गया है। आज पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर) के लोग कहते हैं, हमें भी भारत का हिस्सा बनाइए। देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने से लोगों को पहली बार एहसास हुआ है कि वे स्वतंत्र हैं और भारत उनका देश है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली बीजेपी ही देश की इकलौती पार्टी है जो सबसे पहले देश को रखती है और फिर पार्टी, उसके बाद परिवार और अंत में खुद के हित आते हैं। सीएम आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नई बीजेपी और देश का स्वर्णिम काल चल रहा है। पीएम 22 जनवरी, 2024 को भगवान श्री राम के भव्य मंदिर में श्री रामलला को विराजमान भी कराने जा रहे हैं। 
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। बीजेपी जो कहती है वो करती है। ‘सबका साथ-सबका विकास’ केवल नारा ही नहीं है, यह हकीकत भी है। मुख्यमंत्री ने यहां वरिष्ठ पत्रकार अजय कुमार सिंह की पुस्तक ‘नई भाजपा के शिल्पकार’ के विमोचन कार्यक्रम को संबोधित किया। ये पुस्तक मूल रूप से अंग्रेजी में लिखी गई सिंह की कृति ‘द आर्किटेक्ट ऑफ न्यू बीजेपी’ का अनुवाद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *