खडग़े बोले- मोदी पूछते हैं कांग्रेस ने 70 साल में क्या किया

नई दिल्ली  । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने कहा कि पीएम मोदी पूछते हैं कि कांग्रेस ने पिछले 70 सालों में क्या किया। हमने इतने सालों तक लोकतंत्र और संविधान को बचाकर रखा, तभी आज आप प्रधानमंत्री बन पाए हैं। इनके राज में अगर कोई कुछ बोलता है तो उसे जेल में डाल देते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े ने गुरुवार को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में महिला कांग्रेस ब्लॉक के अध्यक्षों और पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
खडग़े ने कहा कि पीएम मोदी ने साल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने का वादा किया था। साथ ही उन्होंने विदेशों में जमा काला धन वापस लाकर देश के नागरिकों को 15 लाख रुपए देने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने अपने वादे भी पूरे नहीं किए। देश का प्रधानमंत्री ऐसा झूठा होता है क्या? देश का प्रधानमंत्री बेईमान कैसे हो सकता हैं? वे किसी को झूठ वादा नहीं करते हैं।
इंदिरा जी और राजीव जी ने देश को एकजुट रखने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। कांग्रेस पार्टी के बड़े-बड़े नेताओं ने देश के लिए अपनी जान दी। भाजपा के पास कौन सा ऐसा नेता है? हम इस देश के लिए अपना योगदान दे रहे हैं, हम अपने लिए यहां नहीं आए हैं। राजनीति एक सेवा है। गांधी जी को क्या मिला? न वह इस देश के प्रधानमंत्री बने और न ही राष्ट्रपति। लेकिन अपना पूरा जीवन देश को समर्पित कर दिया, भारत को आजादी दिलाई।
मणिपुर का जिक्र करते हुए खडग़े ने कहा कि मणिपुर अभी भी बारूद के ढेर पर बैठा हैं, लेकिन ये सरकार उस पर ध्यान नहीं दे रही है। हमने पीएम मोदी से सदन में मणिपुर पर चर्चा की मांग की, लेकिन पीएम नहीं आ रहे थे। वे तब आए जब हमने अविश्वास प्रस्ताव रखा। ऐसे लोग देश की क्या हिफाजत करेंगे? देश के लिए क्या बलिदान देंगे? अगर राहुल गांधी जी मणिपुर जा सकते हैं, तो पीएम मोदी क्यों नहीं? मणिपुर में लोग मारे जा रहे हैं, लेकिन पीएम मोदी चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं। भाजपा जोडऩे का नहीं बल्कि तोडऩे का काम करती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *