भोपाल के कोलार में खूनी चुनरी यात्रा: डांस के विवाद में गुंडे ने चलाई गोली, मची भगदड़; बाल-बाल बचे श्रद्धालु

भोपाल। कोलार थाना क्षेत्र में बुधवार शाम धार्मिक चुनरी यात्रा के दौरान फायरिंग हो गई। डांस को लेकर हुए मामूली विवाद में बदमाश ने अवैध पिस्टल से फायर कर दिया। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन मारपीट में एक युवक घायल हो गया। कोलार पुलिस ने बदमाश के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार शाम को ललिता नगर निवासी संदीप ठाकुर द्वारा पहाड़ी मंदिर के लिए चुनरी यात्रा का आयोजन किया गया था। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, स्थानीय लोग और शहर के अन्य इलाकों से आए परिचित शामिल थे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस बल भी मौके पर तैनात था। शाम करीब छह बजे जब यात्रा ललिता नगर से आगे बढ़ रही थी, तभी डांस को लेकर गरीब नगर निवासी हरिओम यादव और कुछ अन्य युवकों के बीच कहासुनी हो गई।

यात्रा में बन गई भगदड़ जैसी स्थिति

देखते ही देखते विवाद बढ़ा और दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान थाने की गुंडा सूची में शामिल अक्षय ठाकुरिया मौके पर पहुंचा और दूसरे पक्ष को डराने के लिए अपनी अवैध पिस्टल से फायर कर दिया। गोली चलने से यात्रा में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। हालांकि फायरिंग में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन मारपीट में हरिओम यादव को चोट आई है।

आरोपी मौके से फरार

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है। एसआइ कमल सिंह के मुताबिक घटनास्थल से कोई कारतूस बरामद नहीं हुआ है और आरोपित की तलाश जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *