पुतिन से मिलने रूस जाएंगे किम जोंग उन

प्योंगयांग  । नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मिलने के लिए रूस जाएंगे। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान वो रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से यूक्रेन जंग में हथियारों की सप्लाई और सैन्य सहयोग पर बात करेंगे। रूस के दौरे के लिए किम जोंग उन नॉर्थ कोरिया की राजधानी प्योंगयांग से रूस के शहर व्लादिवोस्तोक के लिए हथियारबंद ट्रेन से यात्रा करेंगे।
माना जाता है कि किम हवाई यात्रा से डरते हैं ऐसे में वो ज्यादातर यात्राएं ट्रेन से ही करते हैं। इस ट्रेन को 1949 में किम के दादा किम इल संग को स्तालिन ने गिफ्ट किया था। ये कई डिब्बों वाली इंटर कनेक्टेड ट्रेन है। जब भी किम उत्तर कोरिया या चीन की यात्रा करते हैं तो उनका सारा लावलश्कर इसी ट्रेन में उनके साथ होता है।
ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में हिस्सा लेंगे तानाशाह किम जोंग
रूस नॉर्थ कोरिया से ऑर्टिलरी शेल्स और एंटी टैंक मिसाइल चाहता है। इसके बदले में नॉर्थ कोरिया रूस से सैटेलाइट और न्यूक्लियर सबमरीन टेक्नोलॉजी की मांग करेगा। इसके अलावा किम जोंग उन अपने देश के लिए खाद्य सहायता भी चाहते हैं। दरअसल, नॉर्थ कोरिया में अनाज की काफी किल्लत रहती है, जबकि रूस 2017 में दुनिया में सबसे ज्यादा अनाज उगाने का रिकॉर्ड बना चुका है। दोनों नेता 10 से 13 सितंबर तक चलने वाले ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम में भाग लेने के लिए व्लादिवोस्तोक की फार ईस्टर्न फेडरल यूनिवर्सिटी के कैंपस जाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक किम जोंग उन रूस के प्रशांत महासागर फ्लीट के नेवल बेस पीएर 33 भी जा सकते है। बुधवार को व्हाइट हाउस ने पुतिन और किम के बीच होने वाली हथियारों की डील को लेकर चेतावनी दी है। व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जॉन किरबी ने कहा कि दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग को लेकर उच्चस्तरीय बातचीत लगातार बढ़ रही है। हालांकि, इसके बारे में अधिक जानकारी देने से अधिकारियों ने मना कर दिया। नॉर्थ कोरिया और रूस, अमेरिका के धुर विरोधी देश माने जाते है।
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *