सस्ते में शेयर बेच रहे कुमार मंगलम बिड़ला, एक साल पहले खरीदी थी कंपनी, क्यों आई ऐसी नौबत?

नई दिल्ली: देश के टॉप अरबपतियों में शामिल कुमार मंगलम बिड़ला की कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने पिछले साल इंडिया सीमेंट्स को खरीदा था। अल्ट्राटेक सीमेंट अब इंडिया सीमेंट्स में 740 करोड़ रुपये के शेयर बेचने की तैयारी में है। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि मार्केट रेगुलेटर सेबी के नियमों का पालन हो सके। नियमों के मुताबिक किसी भी लिस्टेड कंपनी में कम से कम 25% शेयर आम लोगों के पास होने चाहिए। अभी देश की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी अल्ट्राटेक के पास इंडिया सीमेंट्स के 81.5% शेयर हैं। इसलिए अल्ट्राटेक को 6.5% शेयर बेचने होंगे। शेयर बेचने के बाद अल्ट्राटेक के पास इंडिया सीमेंट के 75% शेयर रह जाएंगे। ये शेयर गुरुवार और शुक्रवार को बेचे जाएंगे।

इंडिया सीमेंट्स के शेयर का दाम 368 रुपये प्रति शेयर रखा है जो इसके बुधवार के बंद भाव से थोड़ा कम है। बीएसई पर बुधवार को इंडिया सीमेंट्स का शेयर 370 रुपये पर बंद हुआ था। जून 2024 में बिड़ला ने पहली बार इंडिया सीमेंट्स में दिलचस्पी दिखाई थी। उन्होंने राधाकिशन दमानी से 24% शेयर खरीदे थे। फिर एक महीने बाद एन. श्रीनिवासन और उनके रिश्तेदारों से 32.8% शेयर खरीदे। इसके बाद उन्होंने इंडिया सीमेंट्स में 26% शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर दिया।

52 हफ्ते के टॉप पर शेयर

सेबी के नियमों के अनुसार इंडिया सीमेंट्स के पास 3 फरवरी, 2026 तक का समय है। इस तारीख तक कंपनी को ये सुनिश्चित करना है कि उसके पर्याप्त शेयर आम लोगों के पास हों। गुरुवार को शुरुआती कारोबार में इंडिया सीमेंट्स का शेयर करीब 4 फीसदी तेजी के साथ 384.75 रुपये पर पहुंच गया जो इसका 52 हफ्ते के टॉप है। इसी तरह अल्ट्राटेक सीमेंट का शेयर 0.12% गिरावट के साथ 12855.75 रुपये पर है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *