रुद्र प्रयाग में पहाड़ पर लैंडस्लाइड

नई दिल्ली  । उत्तराखंड के रुद्र प्रयाग में भारी बारिश के बाद पहाड़ी पर लैंडस्लाइड हुआ। गौरी कुंड के पास यह घटना हुई। पहाड़ी से गिरे इस मलबे से केदारनाथ यात्रा रूट जाम हो गया। रिपोट्र्स के मुताबिक, कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। 19 लोग लापता बताए जा रहे हैं। गौरी कुंड इलाके में गुरुवार देर रात से भारी बारिश जारी है। इसके चलते मंदाकिनी नदी उफान पर है। लैंड स्लाइड के बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं, खराब मौसम के चलते इसमें दिक्कत आ रही है।
उधर हिमाचल में इस मानसून सीजन में अब तक 199 लोगों की मौत हो गई है। 31 लापता हैं। 199 मौतों में से 57 मौतें भूस्खलन और बाढ़ के कारण हुईं, जबकि 142 लोगों की मौत मानसून अवधि के दौरान सडक़ दुर्घटनाओं के कारण हुई।
राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन के प्रधान सचिव ने कहा कि मानसून के इस सीजन में हिमाचल में काफी नुकसान हुआ है। अब तक 6,563.58 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। बारिश के कारण आई बाढ़ से राज्य में 774 घर पूरी तरह से तहस-नहस हो गए हैं जबकि 7,317 घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। 254 दुकानें और 2,337 गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 79 लैंडस्लाइड की घटनाएं हुईं। राज्य में करीब 300 सडक़ें बंद हैं. 274 बिजली और 42 जलापूर्ति योजनाएं अब भी बाधित हैं। राज्य में अगले दो दिनों के दौरान भारतीय मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी के बीच राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गुरुवार को अलर्ट जारी किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *