गंदगी फैलाने वालों की खैर नहीं! लखनऊ में शर्मा चाय पर लगा 15 हजार का जुर्माना, आप भी दुकान चला रहे हैं तो ये खबर पढ़ लें
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने 4 और 5 दिसंबर को अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई की है। बाल्मीकि मार्ग पर स्थित शर्मा चाय पर सार्वजनिक स्थल पर गंदगी फैलाने के आरोप में 15,000 रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है। कार्रवाई के क्रम में शुक्रवार को निगम ने कई जगह जुर्माना वसूला, सामान जब्त और व्यवस्थाओं को सुधारने का निर्देश दिया है।
दरअसल, नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर लखनऊ नगर निगम शहर को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चला रहा है। शुक्रवार को नगर निगम के अधिकारियों ने अलग-अलग जोनों में विशेष अभियान के तहत गंदगी फैलाने वालों, अतिक्रमण करने वालों और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। कैसरबाग स्थित सफेद बारादरी परिसर में गंदगी फैलाने पर 25,000 रुपए का जुर्माना लगाया है। अधिकारियों ने प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को सुधारने और नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
