मध्य प्रदेश में शीतलहर और कोहरे की दोतरफा मार, 21 शहरों में पारा 10 डिग्री से नीचे

भोपाल: सर्द हवाओं के कारण जहां रात में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, वहीं प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र में घना कोहरा छाने के कारण दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है। इसी क्रम में रविवार को रात का सबसे कम 4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान उमरिया में दर्ज किया गया। शहडोल एवं सिवनी जिले में शीतलहर का प्रभाव रहा।

प्रदेश में रविवार को 21 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर रहा। रीवा, सतना, ग्वालियर, खजुराहो में अति घना कोहरा रहा। जिसके चलते दृश्यता 50 मीटर से कम रह गई थी। उधर दिन का सबसे कम 16 डिग्री सेल्सियस तापमान खजुराहो में दर्ज किया गया। दतिया, ग्वालियर, खजुराहो, नरसिंहपुर, रीवा, सतना में शीतल दिन रहा।

अगले कुछ दिनों में मिल सकती है थोड़ी राहत

मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वहां से लगातार आ रही सर्द हवाओं के कारण मध्य प्रदेश के अधिकतर शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम पर बना हुआ है। उधर उत्तर भारत से लगे प्रदेश के जिलों में घना कोहरा छाने के कारण दिन में भी ठिठुरन बढ़ गई है। इस तरह की स्थिति अभी बनी रह सकती है। हालांकि रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *