बर्फ बना एमपी! मंदसौर में पारा 4.4°C पहुंचा, भोपाल-इंदौर के लिए जारी हुई बड़ी चेतावनी

भोपाल। लगातार चल रही सर्द हवाओं के कारण प्रदेश में ठिठुरन बरकरार है। गुरुवार को प्रदेश में सबसे कम 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान मंदसौर में दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर एवं शाजापुर जिलों में शीतलहर का प्रभाव रहा। 23 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सतना, रीवा एवं दतिया जिलों में सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहा।

सबसे ज्यादा तापमान नर्मदापुरम में

दिन का सबसे अधिक 30 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक मौसम का इस तरह का मिजाज इसी तरह बने रहने के आसार हैं। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, राजगढ़, सीहोर एवं शाजापुर में शीतलहर का प्रभाव रह सकता है। ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर संभाग के जिलों में मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है।

मौसम विभाग का क्या कहना

मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचएस पांडे के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ दक्षिण-पश्चिम ईरान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ जम्मू एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तर भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 195 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।

परिवर्तन होने की संभावना कम

मौजूदा मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मौसम के मिजाज में विशेष परिवर्तन होने की संभावना कम ही है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की तीव्रता कम है। इस वजह से मौसम के मिजाज पर विशेष प्रभाव पड़ने की संभावना कम है। इससे ठंड के तेवर अभी तीखे ही बने रहेंगे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *