मध्य प्रदेश में अब कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से मिलेगी राहत, न्यूनतम तापमान में गिरावट के आसार कम

भोपाल। पश्चिमी विक्षोभ एवं प्रति चक्रवात के मौजूद रहने के कारण रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगी है। इसके चलते फिलहाल कड़ाके की ठंड एवं घने कोहरे से राहत मिल गई है। मंगलवार को प्रदेश में रात का सबसे कम 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान नौगांव में दर्ज किया गया।

ग्वालियर एवं खजुराहो में हल्का कोहरा छाया रहा। वहीं दिन का सबसे अधिक 30.3 डिग्री सेल्सियस तापमान नर्मदापुरम में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, न्यूनतम तापमान में गिरावट होने के आसार नहीं हैं। हालांकि ग्वालियर-चंबल एवं सागर संभाग के जिलों में हल्के कोहरे का प्रभाव बना रह सकता है।

185 किमी की रफ्तार से चल रही जेट स्ट्रीम हवाएं

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश एवं उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। पश्चिमोत्तर उत्तर प्रदेश पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। उत्तर भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 185 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। इसके अतिरिक्त गुरुवार से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय होने की संभावना है।

मौसम विज्ञानी अभिजीत चक्रवर्ती ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। गुरुवार से भी एक नए पश्चिमी विक्षोभ के हिमालय क्षेत्र में पहुंचने वाला है। इस वजह से न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना नहीं है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि वातावरण से नमी कम होने के कारण घने कोहरे से भी राहत मिल गई है। लगातार पश्चिमी विक्षोभ के आने के कारण तीन-चार दिन तक रात के तापमान में कमी आने की संभावना नहीं है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *