मप्र में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जनसंपर्क आयुक्त पद से हटाए गए मनीष सिंह, विवेक पोरवाल को मिली जिम्मेदारी

भोपाल ।   डॉ. मोहन यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद मध्य प्रदेश में प्रशासनिक फेरबदल का क्रम जारी है। वे चुन-चुनकर शिवराज सिंह चौहान के करीबी अफसरों को निपटाने में जुटे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अब मनीष सिंह को जनसंपर्क आयुक्त पद से हटा दिया है। IAS विवेक पोरवाल को जनसंपर्क आयुक्त पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है। पोरवाल सचिव मुख्यमंत्री, सचिव नागर विमानन विभाग के साथ जनसंपर्क विभाग के सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। देर रात सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार पोरवाल वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त जनसंपर्क की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। वहीं मनीष सिंह को एमडी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के पद से भी हटा दिया गया है। एमडी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन की जिम्मेदारी नगरीय विकास एवं आवास विभाग के प्रमुख सचिव नीरज मंडलोई को सौंपी गई है। पहले प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री इसके बाद आयुक्त जनसंपर्क को हटाने के बाद से माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपनी प्रशासनिक जमावट शुरू कर दी है।

जल्द होगी बड़ी प्रशासनिक सर्जरी

मंत्रालय सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राघवेंद्र सिंह को मुख्यमंत्री का प्रमुख सचिव और विवेक पोरवाल को जनसंपर्क आयुक्त बनाए जाने के बाद से माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव जल्द ही बड़ी प्रशासनिक सर्जरी करेंगे। सबसे पहले मुख्यमंत्री सचिवालय में प्रशासनिक सर्जरी होगी। अभी कई और अधिकारियों को हटाए जाने की चर्चा है। इसके बाद मंत्रालय में अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिवों के विभागों में फेरबदल किया जाएगा। सूत्रों की मानें को मंत्रिमंडल का गठन होने के बाद नवागत मंत्रियों से पटरी बैठने वाले अधिकारियों को ही उनके विभाग में पदस्थ किया जाएगा, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए किसी भी विभाग के कार्य में कसावट लाई जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *