मैनचेस्टर सिटी चैंपियंस लीग के दूसरे चरण में पहुंचा ..

मैनचेस्टर सिटी के लिए नार्वे के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड का करिश्माई प्रदर्शन जारी है। इस बार उनके जादुई खेल का शिकार जर्मनी का क्लब आरबी लिपजिग हुआ। चैंपियंस लीग के दूसरे चरण के मुकाबले में सिटी की 7-0 से एकतरफा जीत में हालैंड ने हैट्रिक समेत पांच गोल किए। वह चैंपियंस लीग में एक मैच में पांच गोल करने वाले सबसे युवा फुटबॉलर बने। उन्होंने लीग के एक मैच में पांच गोल करने के मामले में लियोनल मेसी और ब्राजील के लुइज एड्रियानो की बराबरी की,लेकिन हालैंड ने 22 साल 236 दिन की उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर दोनों को पीछे छोड़ा।

यही नहीं जब उन्होंने अपने घरेलू मैदान एतिहाद स्टेडियम में सिटी के लिए दूसरा गोल किया तो 30 गोल के साथ वह लीग में सबसे तेज गोल करने वाले युवा फुटबॉलर बन गए।उन्होंने 25 मैचों में ये गोल किए। फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे ने 22 साल 352 दिन की उम्र में लीग में 30 गोल किए थे। हालैंड ने इससे पहले 22वें मिनट में पेनाल्टी किक के जरिए गोल कर सिटी को 1-0 की बढ़त दिलाई थी। हाफटाइम से पहले उन्होंने तीसरा गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी कर ली और सिटी को 3-0 से बढ़त दिलाई।

हालैंड के पिता और सिटी को पूर्व फुटबॉलर एल्फ इंगे दर्शक दीर्घा में बैठकर न सिर्फ अपने बेटे के प्रदर्शन से मंत्रमुग्ध हो रहे बल्कि वहां से वह लगातार उनका उत्साहवर्धन कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने 54 और 57वें मिनट में और गोल किए। कोच पेप गॉर्डिओला ने लिपजिग को राहत देते हुए हालैंड को 63वें मिनट में मैदान से वापस बुला लिया। सिटी के लिए अन्य दो इल्के एल्काई गुंडोगन (49वां मिनट) और केविन डी ब्रुइन (90+2 मिनट) ने किए। पहले चरण का दोनों के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर छूटा था।

मजबूत दीवार सरीखे रक्षण की बदौलत इटली के क्लब इंटर मिलान ने पुर्तगाली क्लब पोर्टो को 0-0 से बराबरी पर रोककर चैंपियंस लीग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। इंटर ने यह उपलब्धि एक दशक के बाद हासिल की है। पहले चरण के मुकाबले में इंटर ने पोर्टो को 1-0 से पराजित किया था। 1-0 से गोल औसत के आधार पर उसे अंतिम आठ में प्रवेश मिला। इससे पहले इटली का क्लब एसी मिलान क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुका है और तीसरा इटली का क्लब नेपोली भी अंतिम आठ में पहुंचने की रेस में है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *