मारुति ने बनाया रेकॉर्ड! एक झटके में फोर्ड, जीएम और फॉक्सवैगन को पछाड़ा, कहां पहुंचा मार्केट कैप?
नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी कार कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने दुनिया की सबसे वैल्यूएबल ऑटो कंपनियों में अपनी जगह बना ली है। ETIG के डेटा के अनुसार मारुति सुजुकी मार्केट कैप के हिसाब से दुनिया में आठवें नंबर पर आ गई है। उसने अमेरिका की फोर्ड मोटर और जनरल मोटर्स तथा जर्मनी की फॉक्सवैगन जैसी बड़ी कंपनियों को पीछे छोड़ दिया है। मारुति सुजुकी का मार्केट कैप अब लगभग $57.6 बिलियन है जो उसकी पैरेंट कंपनी जापान की सुजुकी मोटर से भी ज्यादा है।
अगस्त से मारुति सुजुकी के शेयरों में 25.5% तेजी आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को जीएसटी सुधारों की घोषणा की थी। 22 सितंबर से लागू हुई जीएसटी की नई दरों में ऑटो सेक्टर को सबसे ज्यादा फायदा मिला है। भारत की 60% से ज्यादा बिक्री छोटी कारों से होती है। मारुति का वैल्यूएशन फोर्ड ($46.3 बिलियन), जनरल मोटर्स ($57.1 बिलियन) और फॉक्सवैगन ($55.7 बिलियन) से ज्यादा हो गया है। पिछले एक महीने में इन कंपनियों की रैंकिंग या तो स्थिर रही है या गिर गई है। मारुति का मार्केट कैप सुजुकी ($29 बिलियन) से भी ज्यादा है।
कौन हैं टॉप पर
एलन मस्क की कंपनी टेस्ला $1.47 ट्रिलियन के मार्केट कैप के साथ दुनिया के ऑटो सेक्टर में सबसे आगे है। उसके बाद जापान की टोयोटा ($314 बिलियन), चीन की BYD ($133 बिलियन), इटली की फेरारी ($92.7 बिलियन), जर्मनी की बीएमडब्ल्यू ($61.3 बिलियन) और मर्सिडीज-बेंज ग्रुप ($59.8 बिलियन) हैं। मारुति इस लिस्ट में आठवें स्थान पर है। यह पहला मौका है जब कोई भारतीय ऑटोमोबाइल कंपनी दुनिया की टॉप 10 कंपनियों में शामिल हुई है।
सबसे ज्यादा फायदा
मारुति ने घरेलू पैसेंजर कार बाजार में अपनी पकड़ बनाए रखी है। खासकर छोटी और एंट्री-लेवल कारों में, जिनकी बिक्री सबसे ज्यादा होती है। इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि GST में बदलाव से छोटी कार बनाने वाली कंपनियों को बहुत फायदा हुआ है। मारुति की बाजार में बड़ी हिस्सेदारी है। टैक्स कम होने और कारों के सस्ते होने से बिक्री बढ़ी है। इससे कंपनी की कमाई में सुधार हुआ है। आज सुबह 9.30 बजे कंपनी का शेयर बीएसई पर 0.21% तेजी के साथ 16305 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
