वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में मीराबाई चानू की धूम, एक ही कैटेगरी में तीन नेशनल रिकॉर्ड तोड़ डाले
नई दिल्ली: नेशनल वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में मीराबाई चानू का दमदार प्रदर्शन देखने को मिला है। यूपी के मोदीनगर में इस इवेंट का आयोजन किया जा रहा है। चानू ओलिंपिक में सिल्वर मेडल भी जीत चुके हैं। 48 किग्रा कैटेगरी में उन्होंने तीन नेशनल रिकॉर्ड तोड़ दिए। 31 साल के इस खिलाड़ी ने स्नैच में 89 किग्रा वजन उठाया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में वह 116 किग्रा भार उठाने में सफल रहीं। इस तरह उन्होंने कुल 205 किलो वजन उठाया। अखिल भारतीय पुलिस की राधा सोनी ने 183 किलो के साथ सिल्वर जबकि कोमल कोहर ने ब्रॉन्ज मेडल जीता।
48 किग्रा कैटेगरी में स्नैच, क्लीन एंड जर्क के साथ ही यह ओवरऑल वजन का नेशनल रिकॉर्ड है। उन्होंने आसानी से 89 किग्रा का वजन उठाया। इसके बाद मीराबाई चानू की कोशिश 91 किग्रा उठाने की थी लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। उनका कुल 205 किलोग्राम का स्कोर 2025 वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतते समय उठाए गए वजन से 6 किलो ज्यादा है। तब उन्होंने 199 किलो वजन उठाया था। यह परफॉर्मेंस उनके पर्सनल बेस्ट जो उन्होंने 2021 एशियन चैंपियनशिप में 49 किग्रा कैटेगरी में हासिल किया था।
