मुरैना एसपी के पिता सरकारी पद से निलंबित, मुख्‍यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के मामले में पाए गए अपात्र

जबलपुर ।   मध्‍य प्रदेश मुख्‍यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा में फर्जीवाड़ा के मामले में मुरैना पुलिस अधीक्षक के पिता को निलंबित कर दिया गया है। प्रारंभि‍क जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के पिता लालजी बागरी अपनी पत्‍नी के साथ मुख्‍यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के तहत द्वारका जा रहे थे। पता चला कि वे पेशे से सरकारी श‍िक्षक हैं और आयकरदाता हैं। ऐसे में वे मुख्‍यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा के लिए अपात्र हैं। इस बात की जानकारी मिलने पर बागरी का नाम मुख्‍यमंत्री तीर्थदर्शन यात्रा की सूची से काट दिया गया। इसके साथ ही उन्‍हें निलंबित भी कर दिया गया। कलेक्‍टर और जिला मजिस्‍ट्रेट ने अपने आदेश में कहा है कि लालजी बागरी शासकीय माध्‍यमिक शाला मसनहा संकुल केन्‍द्र शासकीय उच्‍चतर माध्‍यमि‍क विद्यालय उत्‍कृष्‍ट रैगांव जिला सतना में सहायक शिक्षक हैं।

उन्‍होंने अपनी पत्‍नी विद्या देवी के साथ द्वारका तीर्थ यात्रा का पंजीयन करवाया था, जबकि संबंधीजन शासकीय लोक सेवक हैं और आयकरदाता कर्मचारी हैं। मुख्‍यमंत्री तीर्थदर्शन योजना के अंतर्गत आयकर दाता को इस योजना का लाभ लेने की पात्रता नहीं है। बागरी ने इस यात्रा में जाने के लिए सक्षम स्‍वीकृति भी प्राप्‍त नहीं की और तथ्‍यों को छिपाकर गलत तरीके से इस योजना का लाभ उठाने का प्रयास किया। बागरी को निलंबन अवधि में मुख्‍यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी मैहर भेजा गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *