गौतम अडानी को पीछे छोड़ भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने  मुकेश अंबानी 

मुंबई । रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी 8.08 लाख करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक ने अदाणी ग्रुप के फाउंडर और चेयरमैन गौतम अडानी को पीछे छोड़ दिया है, जिन्होंने पिछले साल यह उपाधि हासिल की थी। साल भर के दौरान अंबानी की संपत्ति में 2 फीसदी का इजाफा हुआ है। 360 वन वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2023 के अनुसार, पिछली सूची जारी होने बाद से ग्रुप की कंपनी अदाणी फॉर्च्यून की संपत्ति 57 प्रतिशत गिरकर 4.74 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
अदाणी की संपत्ति में गिरावट का मुख्य कारण इस साल जनवरी में आई हिंडनबर्ग की रिपोर्ट है। इस रिपोर्ट के आने के बाद से अदाणी ग्रुप की कंपनियों का बाजार पूंजीकरण घटा है। अदाणी साल 2022 में 3 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के अंतर से मुकेश अंबानी से आगे थे। इस साल अंबानी उनसे 3.3 लाख करोड़ रुपये के अंतर से आगे हैं। अदाणी की संपत्ति में गिरावट को लेकर रिपोर्ट में कहा गया, यह हुरुन इंडिया रिच लिस्ट की शुरुआत के बाद से किसी भी व्यक्ति की संपत्ति में दर्ज की गई सबसे बड़ी वार्षिक गिरावट है।
हालांकि, 2023 में अपनी संपत्ति में भारी गिरावट के बावजूद गौतम अदाणी पिछले पांच वर्षों से सबसे अमीर भारतीयों की सूची में शीर्ष पर बने हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में उनकी संपत्ति 94,500 करोड़ रुपये से तीन गुना ज्यादा हो गई है। दिलचस्प बात यह है कि सूची में शीर्ष 10 सबसे अमीर अरबपतियों में से आठ ने 2023 में अपनी संपत्ति में वृद्धि देखी। गिरावट देखने वाले केवल दो अडानी और राधाकिशन दमानी थे, जिनकी संपत्ति 18 प्रतिशत कम होकर 1.43 लाख करोड़ रुपये रुपये हो गई।
अंबानी और अदाणी के बाद सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के प्रबंध निदेशक साइरस पूनावाला ने 2.78 लाख करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के तीसरे सबसे धनी भारतीय है। उनकी संपति में 2023 के दौरान 36 प्रतिशत यानी 73,100 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। इसके अलावा एचसीएल टेक्नोलॉजीज के फाउंडर और मानद चेयरमैन शिव नादर 2.28 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे सबसे अमीर भारतीय है। हिंदुजा ग्रुप के गोपीचंद हिंदुजा 1.76 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पांचवें स्थान पर हैं। 2023 में नादर और हिंदुजा दोनों की कुल संपत्ति में क्रमशः 23 प्रतिशत और 7 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *