नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया करेगी 29 निर्माणाधीन सुरंगों का सुरक्षा ऑडिट 

नई दिल्ली । नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने देश भर में सभी 29 निर्माणाधीन सुरंगों का सुरक्षा ऑडिट करने का फैसला किया है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय की तरफ से जारी एक प्रेस नोट में इस फैसले का खुलासा किया गया है।
साथ ही, देश में सुरंग निर्माण की प्रक्रिया को और मजबूत और कारगर बनाने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने कोंकण रेलवे कॉर्पोरेशन लिमिटेड  के साथ एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग  भी साइन किया है। इस समझौते के तहत केआरसीएल नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडियाकी परियोजनाओं के लिए सुरंग निर्माण और ढलान स्थिरीकरण  से संबंधित डिजाइन, ड्राइंग और सुरक्षा पहलुओं की समीक्षा से जुड़ी विशेषज्ञ सेवाएं मुहैया कराएगा। 
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय के मुताबिक नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन  के विशेषज्ञों की एक टीम के साथ-साथ अन्य सुरंग विशेषज्ञों के साथ सभी 29 निर्माणाधीन सुरंग परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और सात दिनों के भीतर सरकार को एक रिपोर्ट सौंपेंगे।
देश में 29 निर्माणाधीन सुरंगों की लम्बाई लगभग 79 किलोमीटर है। इनमें 12 निर्माणाधीन  सुरंगें हिमाचल प्रदेश में, छह जम्मू और कश्मीर में,  महाराष्ट्र, ओडिशा, राजस्थान में दो-दो और मध्यप्रदेश, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और दिल्ली में एक-एक सुरंग है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *