जबलपुर में 10 स्‍थानों पर एनआइए की कार्रवाई जारी, कई संदिग्‍धों से कर रहे पूछताछ

जबलपुर ।  नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एनआइए) की टीम ने शुक्रवार देर रात जबलपुर में छापा मारा था। टीम यहां टेरर फंडिंग मामलों पर आरोपित अब्दुल रज्जाक के साथी मकसूद कबाड़ी और आहद उल्ला अंसारी अधिवक्ता के घर पहुंची है। एनआइए टीम के साथ स्थानीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है। टीम अब तक करीब 10 स्‍थानों पर एक साथ छापा मारकर कार्रवाई करने में जुटी है। करीब 100 लोग संदेह के घेरे में हैं। कई लोगों को उठाकर अज्ञात स्‍थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

एनआइए की टीम कार्रवाई में डटी

जेल में बंद रज्जाक के करीब एडवोकेट ए उस्मानी, घंटाघर तैयबअली मार्ग स्थित डा. रजा कंपाउंड निवासी कासिम, सिविल लाइन स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाले लकी के ठिकानों पर एनआइए के अधिकारी शुक्रवार रात से ही डटे हुए हैं। शनिवार की सुबह भी बड़ी संख्या में पुलिस बल और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। घंटाघर से मार्ग को सील करके एनआइए की टीम अभी भी कार्रवाई में डटी है।

पैसा हवाला के जरिए पहुंचाया जाता था जबलपुर तक

आतंकी फंडिंग व राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामले में जिला पुलिस बल के अधिकारी फिलहाल कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं। इस मामले में हवाला कारोबार का भी पता चला है। आतंकी फंडिंग का पैसा हवाला के जरिए जबलपुर तक पहुंचता था।

10 स्थानों पर छापे मारे गए हैं

बड़ी ओमती क्षेत्र को पुलिस ने सील कर दिया है। 10 स्थानों पर छापे मारे गए हैं। ओमती और गोहलपुर, सिविल लाइंस में केंद्रीय दल ने कार्रवाई की है। प्रदेश में एनआइए की पूर्व में हुई कार्रवाइयों से मिले इनपुट के आधार पर दल ने छापे मारे हैं। जांच दल को मौके से आपत्तिजनक साहित्य और हथियार मिलने की जानकारी सामने आई है। भोपाल और दिल्ली से आई टीम न्यायालय से सर्च वारंट लेकर पहुंचीं।

वकील के बेटे ने बंद कर लिया था दरवाजा

छोटी ओमती निवासी अधिवक्ता आहद उल्ला अंसारी के घर जब टीम पहुंची तो अंसारी के बेटे ने केंद्रीय दल को देखकर दरवाजे बंद कर लिए। टीम ने दरवाजा तोड़ने, काटने की तैयारी कर ली थी। काफी मशक्कत के बाद भीतर से दरवाजा खोला गया। जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को शुक्रवार की सुबह बड़ी कार्रवाई की सूचना प्राप्त हो गई थी। पुलिस टीम को सिर्फ यह बताया गया था की कोई बड़ी कार्रवाई होने वाली है।

सिंधी मोहल्ले से तीन को हिरासत में लिया

एनआइए की टीम ओमती के सिंधी मोहल्ला भी पहुंची और यहां कुछ घरों में छापामार कार्रवाई की। यहां से तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।

मिला था हथियारों का जखीरा

कुछ दिन पूर्व ही पुलिस ने अब्दुल रज्जाक के आवास पर दबिश दी थी। जहां बड़ी संख्या में हथियारों का जखीरा मिला था। दबिश के दौरान अब्दुल रज्जक और उसके भतीजे मोहम्मद शहबाज को गिरफ्तार कर घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान 12 बोर की पंप एक्सन गन, 12 बोर की दोनाली बंदूक, 315 बोर की रायफल, एक स्पोटिंग, 315 बोर की एक, 0.22 बोर की अमेरिकन रायफल, इटली की रायफल के अलावा 12 बोर के 8 कारतूस, 315 बोर के 2 कारतूस और 15 बकानुमा चाकू मिले। जिसे जब्त करते हए आरोपित पर ओमती थाने में कार्रवाई की गई। इसमें विदेशी हथियार भी शामिल थे। इसके पूर्व जिला प्रशासन ने रज्जाक की पार्टनरशिप में संचालित अवैध रेस्टोरेंट पर बुल्डोजर चला दिया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *