भोपाल में भूमाफिया की अब खैर नहीं: प्रशासन और नगर निगम का संयुक्त प्रहार, 113 कॉलोनाइजरों पर FIR की तैयारी

भोपाल। राजधानी में सक्रिय भूमाफिया और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई होने जा रही है। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद नगर निगम ने भी अवैध कॉलोनियों को विकसित करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए विशेष टीम का गठन कर दिया है। प्रशासन और नगर निगम की टीम ने शहर और उसके आसपास विकसित हो रही कॉलोनियों की जांच शुरू कर दी है।

अवैध कॉलोनियां काटने वाले कॉलोनाइजरों और भूमाफिया को नोटिस जारी कर उनसे कॉलोनी विकसित करने की अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे गए हैं। जिन लोगों ने कलेक्टर न्यायालय में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए हैं, उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की तैयारी की जा रही है। जानकारी के अनुसार बिल्डर, कॉलोनाइजर, किसान और अन्य मिलाकर करीब 113 लोगों पर मामला दर्ज किया जा सकता है।

नगर निगम की टीम उन कॉलोनियों की भी पहचान करेगी, जो अब तक प्रशासन की नजर से बची हुई हैं। इसके साथ ही शहर में आयोजित होने वाले प्रापर्टी मेलों की भी जांच की जाएगी, ताकि अवैध रूप से प्लॉट बेचने की गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।

शहर में प्रॉपर्टी के दामों में तेजी से बढ़ोतरी के कारण लोग अब शहर की सीमा से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन खरीदने लगे हैं। इसी का फायदा उठाकर कई कॉलोनाइजर अवैध कॉलोनियां विकसित कर रहे हैं। प्रशासन की जांच में सेवनिया ओंकारा, कोटरा, पिपलिया बेरखेड़ी, कुराना, छावनी पठार और कोलुआ खुर्द सहित कई क्षेत्रों में अवैध कालोनियां विकसित होने की जानकारी सामने आई है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *