शिक्षक भर्ती में हिन्दी के लिए स्कोप नहीं:आर्ट वालों के लिए बड़ा मौका; नई भर्ती के बाद भी खाली रह जाएंगे 25 हजार पद
रायपुर, छत्तीसगढ़ में 4708 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होगी। वित्त विभाग से इसकी अनुमति मिल चुकी है। RTI से मिली जानकारी के अनुसार इस बार अंग्रेजी, गणित, संस्कृत, कम्प्यूटर और आर्ट ग्रुप इन पांच विषयों के लिए 1000 व्याख्याता भर्ती होनी थी। लेकिन कम्प्यूटर के 146 पद बाद में हटा दिए गए।
इसी तरह योग प्रशिक्षक के भी 146 पदों को बाद में हटाया गया था। वहीं 1500 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होनी है। लेकिन ये 1500 भर्ती केवल आर्ट ग्रुप, अंग्रेजी और संस्कृत के लिए किए जाएंगे। हिन्दी, भौतिकी, जीव-विज्ञान, रसायन जैसे दूसरे सब्जेक्ट के लिए शिक्षक और व्याख्याताओं की भर्ती नहीं होनी है।
इस भर्ती से सबसे ज्यादा हिन्दी सब्जेक्ट वालों में नाराजगी है। दरअसल, छत्तीसगढ़ में 2019 में करीब 14580 पदों के लिए और 2023 में 12489 पदों के लिए शिक्षकों की भर्ती निकली थी। 2019 में व्याख्याता के अंग्रेजी, रसायन, वाणिज्य, गणित, भौतिकी, जीवविज्ञान विषय के लिए पद था।
सेट-अप नहीं होने के कारण हटाने पड़े 292 पद
RTI से मिली जानकारी के मुताबिक व्याख्याता (कंप्यूटर) और योग प्रशिक्षक – इन दोनों प्रकार के पद अभी सरकारी रिकॉर्ड (सेटअप) में बनाए ही नहीं गए हैं । यानी ये पद आधिकारिक रूप से अस्तित्व में नहीं हैं।
विभाग ने कहा है कि हर ब्लॉक में 1–1 पद बनाकर 146 कंप्यूटर व्याख्याता, 146 योग प्रशिक्षक कुल 292 पदों पर भर्ती की अनुमति दी जाए। लेकिन, जब तक ये पद सरकार द्वारा “सृजित” (ऑफिशियल रूप से बनाए) नहीं जाते,तब तक इन पर भर्ती की अनुमति देना नियम के अनुसार सही नहीं है
सहायक शिक्षक के 18,000+ पद खाली लेकिन भर्ती सिर्फ 2000 की
RTI से मिली जानकारी के मुताबिक स्कूल शिक्षा विभाग में सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और अन्य मिलाकर कुल दो लाख से अधिक पद स्वीकृत हैं। 15 जून 2025 तक 30,561 पद खाली हैं। इनमें 4,708 पद भर भी जाएं तो 25, 853 पद खाली रहेंगे। सबसे ज्यादा 18,000+ पद सहायक शिक्षक के खाली हैं।
ई-संवर्ग के लिए होंगी सबसे ज्यादा भर्तियां
इस बार 4708 पदों के लिए जो भर्ती परीक्षा होगी उनमें E-संवर्ग के लिए 2,667 पद होंगे। वहीं T-संवर्ग के लिए 2,041 पद होंगे। इन केस अगर योग प्रशिक्षक और कंप्यूटर व्याख्याता के पद नहीं हटाए जाते तो 2,801 पद E-संवर्ग के लिए और 2,199 पद T-संवर्ग के लिए रिजर्व होते।
