सुशासन देने की इच्छाशक्ति और क्षमता सिर्फ भाजपा में : राजनाथ सिंह

अगरतला| रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि केवल भाजपा में ही सुशासन देने की इच्छाशक्ति और क्षमता है और पार्टी 16 फरवरी को होने वाले 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा के चुनाव में 50 से अधिक सीटें जीतेगी। त्रिपुरा में कई चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि सीट समायोजन के तहत चुनाव लड़ रही कांग्रेस और माकपा को अगले सप्ताह होने वाले चुनाव में 'शून्य' मिलेगा।

सिंह ने कहा- पार्टी अध्यक्ष, गृह मंत्री और रक्षा मंत्री के रूप में मैंने पिछले 20 वर्षों के दौरान कई बार त्रिपुरा का दौरा किया है। कभी उग्रवाद, हिंसा, अपहरण से त्रिपुरा तबाह हो गया था। लेकिन अब भाजपा के शासन में राज्य में पूर्ण शांति कायम है।यह आरोप लगाते हुए कि माकपा ने अपने शासन के दौरान कई वर्षों तक त्रिपुरा के लोगों का शोषण किया, जबकि पार्टी ने दावा किया कि वह गरीबों की रक्षक है, सिंह ने कहा कि 2018 में भाजपा के सत्ता में आने के बाद त्रिपुरा बहुत बदल गया है। उन्होंने कहा कि माकपा सरकार ने महिलाओं को कोई सहयोग नहीं दिया, लेकिन भाजपा शासन के दौरान अब उन्हें सम्मान और लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए सरकारी सेवा में 33 फीसदी आरक्षण भी कर दिया गया है।

रक्षा मंत्री ने कहा, भाजपा के शासन में त्रिपुरा में हिंसा थम गई है। प्रधानमंत्री ने त्रिपुरा को एचआईआरए (हाईवे, आई-वे, रेलवे और एयरवे) का वादा किया है और इस दिशा में राज्य का काफी विकास हुआ है। त्रिपुरा के विभिन्न कृषि और बागवानी उत्पादों का अब निर्यात किया जा रहा है, पूर्वोत्तर राज्य में भारी ढांचागत विकास हो रहा है।सिंह ने कहा, त्रिपुरा में अंतर्राष्ट्रीय स्तर के हवाईअड्डे और राजमार्ग पहले ही बन चुके हैं। पूर्वोत्तर क्षेत्र को विकसित करने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के परिणाम मिल रहे हैं और इससे सभी वर्गों के लोगों को फायदा हो रहा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *