यूपी में सपा ही कर सकती है भाजपा का मुकाबला: अखिलेश यादव 

हरदोई । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, बेरोजगारी और अत्याचार चरम पर है। यूपी में समाजवादी पार्टी ही भाजपा का मुकाबला कर सकती है। इसीलिए भाजपा सरकार सबसे ज्यादा अन्याय और अत्याचार समाजवादी पार्टी के नेताओं पर कर रही है। उससे मुकाबले को समाजवादियों को तैयार रहना होगा।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण शिविरों में समाजवादी पार्टी के नेता और कार्यकर्ता काफी सीख रहे हैं। मुझे भरोसा है कि सपा नेता, कार्यकर्ता और बूथ स्तर के साथी पार्टी को मजबूत  करेंगे। जनता को सपा की नीतियों और कार्यक्रमों में भरोसा है। आने वाले समय में सपा लोकसभा चुनाव जीतने जा रही है। चुनाव में अब समय नहीं बचा है। आने वाले 4-5 महीने में देश और प्रदेश का माहौल चुनावी होगा। इस चुनाव में बीजेपी को हटाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी समाजवादियों की है। हमें भरोसा है कि समाजवादी पूरी ताकत से भाजपा को हराएंगे।
वह हरदोई में लोक जागरण अभियान के तहत समाजवादी पार्टी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है जबकि समाजवादियों ने जनता, किसानों, नौजवानों के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में और किसी प्रदेश में अभी तक जितना अन्याय भाजपा सरकार ने मोहम्मद आजम खान और उनके परिवार पर किया है। उतना किसी के साथ नहीं हुआ होगा। आजम खान और उनके परिवार के लोगों को जेल भेजना बीजेपी की सोची समझी साजिश है। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि हम लोग जैसे ही दूसरे न्यायालय में जाएंगे उन्हें न्याय मिलेगा और वे हम लोगों के साथ कार्यक्रमों में शामिल होंगे। बीजेपी प्रोपेगंडा की सरकार है। जिस तरह से हिटलर की सरकार में एक मंत्री प्रोपेगंडा मिनिस्टर था उसी तरह से बीजेपी की एक यूनिट प्रोपेगंडा चलाती है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *