‘भारत के रुख का विरोध करना… शर्मिंदगी भरी बात थी’- रूस-यूक्रेन जंग को लेकर बोले शशि थरूर

तिरुवनंतपुरम: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रूस-यूक्रेन युद्ध के मुद्दे पर भारत के रुख पर अपने रुख में बदलाव को उचित ठहराते हुए बुधवार को कहा कि उन्होंने एक भारतीय के तौर पर अपनी राय व्यक्त की और इसमें कोई राजनीति नहीं देखी। थरूर ने मंगलवार को कहा था कि रूस-यूक्रेन युद्ध छिड़ने के बाद भारत के रुख का विरोध करना उनके लिए शर्मिंदगी भरा साबित हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार द्वारा अपनाई गई नीति के कारण देश अब ऐसी स्थिति में है, जहां वह स्थायी शांति के लिए भूमिका निभा सकता है।

मैंने एक भारतीय के तौर पर बात की- थरूर

जब रूस ने यूक्रेन पर हमला किया था, तब थरूर ने भारत के रुख की आलोचना की थी और मॉस्को के कदम की निंदा करने का आह्वान किया था। उन्होंने बुधवार को नई दिल्ली में कहा, "मैंने इस मामले पर एक भारतीय के तौर पर बात की। मुझे इसमें कोई राजनीति नहीं दिखती।" थरूर ने कहा कि यह कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है, लेकिन उन्होंने इस पर ज्यादा विस्तार से बात नहीं की।

केरल भाजपा ने क्या कहा?

इस बीच, केरल में भाजपा नेतृत्व ने थरूर के रुख में आए बदलाव की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कूटनीति की प्रशंसा करने में उनकी "ईमानदारी" "सराहनीय" है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के. सुरेंद्रन ने कहा कि उन्होंने हमेशा कांग्रेस सांसद की स्पष्टवादिता की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि तिरुवनंतपुरम के सांसद थरूर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत के वैश्विक उदय को देख रहे हैं और यह "वास्तव में एक नया दृष्टिकोण" है।

सुरेंद्रन ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रिय शशि थरूर जी, मैं हमेशा से आपकी बेबाकी का प्रशंसक रहा हूं। आपकी ईमानदारी कि 'मैंने शुरू में इसका विरोध किया' और अब रूस-यूक्रेन पर मोदी की कूटनीति की सफलता की प्रशंसा करना सराहनीय है। आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत के वैश्विक उदय को देख रहे हैं, जो वास्तव में एक नया दृष्टिकोण है। हालांकि, कांग्रेस में आपके सहयोगी इसे नहीं देख पा रहे हैं।" 

शशि थरूर ने क्या कहा?

थरूर ने मंगलवार को कहा कि भारत द्वारा अपनाई गई नीति के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की दोनों को गले लगा सकते हैं। 'रायसीना डायलॉग' के एक सत्र के दौरान पूर्व विदेश राज्य मंत्री थरूर ने कहा, "मैं अभी भी शर्मिंदगी से उबरने की कोशिश कर रहा हूं क्योंकि मैंने फरवरी 2022 में संसदीय बहस के दौरान भारत के रुख की आलोचना की थी।"

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *