महामाया पहाड़ से OPS स्कूल का कब्जा हटाया गया

सरगुजा, अंबिकापुर के महामाया पहाड़ में ओरिएंटल पब्लिक स्कूल ने नजूल भूमि पर अतिक्रमण कर करीब 3 एकड़ में खेल मैदान बना लिया था, जिसे प्रशासनिक अमले ने कब्जामुक्त करा लिया है।

प्रशासनिक अमले ने ओपीएस स्कूल का घेराव और आहाता तोड़कर हटा दिया है। महामाया पहाड़ में कब्जा करने वाले 114 लोगों को वन विभाग ने अंतिम नोटिस जारी कर 10 दिनों में अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी है।

जानकारी के मुताबिक ओरिएंटल पब्लिक स्कूल ने शासकीय वन और नजूल भूमि में अतिक्रमण किया, जिसकी शिकायत वरिष्ठ पार्षद आलोक दुबे ने जिला प्रशासन, वन विभाग और मुख्यमंत्री से की थी।

प्रशासन की जांच में नजूल भूमि पर स्कूल का खेल मैदान होने की पुष्टि हुई। गुरुवार को प्रशासनिक अमला जेसीबी मशीनें लेकर पहुंचा और स्कूल का कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

3 एकड़ खेल का मैदान कब्जा मुक्त

एसडीएम फागेश सिन्हा, तहसीलदार उमेश सिंह बाज सहित राजस्व अमले की मौजूदगी में ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की ओर से करीब 3 एकड़ रकबे में कब्जा कर खेल का मैदान बनाया गया था। प्रशासनिक अमले ने खेल मैदान के लिए किए गए घेरावे और अहाते को तोड़कर जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया है।

गुरुवार दोपहर बाद की कार्रवाई प्रशासनिक अमले ने शांतिपूर्वक पूरी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल तैनात रहा और कोई अप्रिय स्थिति नहीं बनी। कई सालों से ओपीएस स्कूल की ओर से वन और नजूल भूमि पर कब्जे की शिकायत हो रही थी। ओपीएस की अन्य जमीनों की भी जांच की जा रही है।

114 परिवारों को बेदखली का अंतिम नोटिस

महामाया पहाड़ पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के करीब सवा साल बाद वनविभाग ने 114 परिवारों को बेदखली का अंतिम नोटिस जारी किया है। महामाया पहाड़ में बेजा कब्जा की शिकायत पर कराए गए सर्वे में 468 कब्जाधारी मिले थे। इनमें से 60 कब्जाधारियों को साल 2017 में बेदखली का नोटिस जारी किया गया था। जनवरी 2025 में 40 घरों को तोड़ा गया था।

हाईकोर्ट के स्टे के बाद कार्रवाई रूक गई थी। सवा साल बाद वनविभाग ने 114 कब्जाधारियों को अंतिम बेदखली नोटिस जारी कर 10 दिनों में कब्जा हटाने का अल्टीमेटम दिया है। डीएफओ अभिषेक जोगावत ने बताया कि सभी कार्रवाई प्रक्रिया के तहत की जा रही है। प्रक्रिया पूरी कर कब्जा हटाया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *