भारत ने नहीं पाकिस्तान ने व्यापारिक गतिविधियों को बंद किया : कुमार 

इस्लामाबाद । भारत और पाकिस्तान के संबंध हमेशा से ही खराब रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में देखा गया है, कि दोनों के संबंध और भी ज्यादा निचले स्तर पर आ चुके हैं। पाकिस्तान ने कंगाली के बावजूद भारत से व्यापार बंद कर दिया। नतीजा ये हुआ कि स्थिति और भी बिगड़ गई। अब पाकिस्तान को उसके ही देश में भारतीय उप उच्चायुक्त डॉ एम सुरेश कुमार ने सुना दिया है। उन्होंने कहा कि भारत ने कभी भी पड़ोसी देशों के साथ व्यापार बंद नहीं किया है, लेकिन पाकिस्तान की ओर से व्यापारिक गतिविधियों को बंद किया गया। भारत चाहता है कि ये फिर शुरू हों।
लाहौर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पारगमन व्यापार बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि सेंट्रल एशिया एक बड़ा बाजार है और भारत को यहां तक पहुंचना है। ठीक इस तरह मध्य एशिया को भी भारत पहुंचने की जरूरत थी। भारत को सबसे महत्वपूर्ण देश बताकर उन्होंने कहा कि भारत जल्द ही दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगी। उन्होंने कहा, हमारा सर्विस सेक्टर विकसित हुआ है और हम अब इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल की मैन्युफैक्चरिंग में लगे हैं।
उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से पाकिस्तान के साथ अच्छे रिश्ते चाहता है। हम भूगोल नहीं बदल सकते, दोनों देश पड़ोसी ही रहने वाले है। इसलिए यह देखना बेहतर होगा कि हम अपनी समस्याओं का समाधान कैसे कर सकते हैं। अपनी स्थिति कैसे बदल सकते हैं। हम सामान्य संबंधों की ओर बढ़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण वीजा की संख्या में कमी आई थी, लेकिन अब हर साल 30 हजार से ज्यादा वीजा जारी किए जा रहे हैं। मेडिकल वीजा भी दिया जा रहा है। एक समय जब पाकिस्तान में संकट है तब उन्होंने भारत के स्टार्टअप की बड़ाई की है। उन्होंने कहा, भारत में स्टार्टअप बढ़ रहा है। परंपरागत रूप से हम सिर्फ सर्विस सेक्टर के क्षेत्र में थे। अगर हम कर सकते हैं, तब आखिर पाकिस्तान क्यों नहीं। उन्होंने कहा कि अगर हम ऑटो सेक्टर की बात करें, तब दुनिया की सबसे बड़ी ऑटो कंपनियां भारत में काम कर रही हैं। देश के उद्योग को फायदा हो, इसकारण हमने आयात होने वाले वाहनों पर भारी टैक्स लगाया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *