एक साथ 6 लड़कियों के गायब होने से मचा हड़कंप, CCTV से मिला सुराग, पुलिस ने बस्ती से किया रेस्क्यू

 कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के कसया थाना क्षेत्र के मल्लूडीह गांव से बुधवार को एक साथ छह लड़कियों के लापता होने की खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गायब होने वाली लड़कियों में पांच बालिग और एक नाबालिग किशोरी शामिल थी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी। एक साथ छह लड़कियों के अचानक गायब होने से गांव में दहशत का माहौल बन गया और परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान हो उठे।

CCTV फुटेज के आधार पर शुरू हुई जांच

मामले की जांच में पुलिस ने सबसे पहले आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसी दौरान कुछ अहम सुराग हाथ लगे, जिनके आधार पर लड़कियों की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास तेज कर दिया गया। जांच के दौरान यह सामने आया कि सभी लड़कियां अपने पैरों पर खड़े होने और रोजगार की तलाश में लखनऊ जाने के लिए घर से निकली थीं। इसी बीच लड़कियों में से एक ने अपने एक परिचित को फोन कर पूरी स्थिति की जानकारी दी, जिससे पुलिस को महत्वपूर्ण इनपुट मिला।

बस्ती रेलवे स्टेशन से मिली लोकेशन

फोन से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को पता चला कि सभी लड़कियां बस्ती रेलवे स्टेशन के आसपास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही कसया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए टीम को तुरंत बस्ती के लिए रवाना किया। देर रात पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर सभी लड़कियों को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

पुलिस की कार्रवाई की सराहना

बरामदगी के बाद पुलिस सभी लड़कियों को वापस कुशीनगर लेकर आई और उनसे आवश्यक पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, सभी लड़कियां रोजगार की तलाश में बिना परिवार को बताए घर से निकली थीं और मामले में किसी प्रकार की आपराधिक साजिश की बात सामने नहीं आई है।

फिलहाल पुलिस ने सभी लड़कियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और उन्हें भविष्य में बिना सूचना घर छोड़कर न जाने की हिदायत दी गई है। पुलिस की तत्परता और तेजी से की गई कार्रवाई को लेकर परिजन उसकी सराहना कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *