जबलपुर से दमोह आ रही यात्री बस कंटेनर से टकराई

दमोह ।   दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर नोहटा थाना के हथनी गांव के समीप जबलपुर से दमोह आ रही यात्री बस दुर्घटनाग्रस्‍त हो गई। शुक्रवार की रात सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गई जिसमें 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। सभी को 108 वाहन की मदद से जिला अस्पताल लाया गया। सूचना मिलते ही नोहटा थाना पुलिस और कोतवाली पुलिस भी अस्पताल पहुंची।

हथनी और चिरई चोंच के समीप सड़क किनारे खड़े थे दो कंटेनर

मुस्कान कंपनी की बस क्रमांक एमपी 34 पी 0138 जबलपुर से दमोह आ रही थी। शुक्रवार की रात करीब 10 बजे बस खड़े कंटेनर में पीछे से टकरा गई। नोहटा थाना के हथनी और चिरई चोंच के समीप दो कंटेनर सड़क किनारे खड़े थे। सूचना मिलते ही नोहटा थाना प्रभारी विकास चौहान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा।

20 से अधिक यात्री घायल

प्रशासन को भी बस हादसे की सूचना मिल गई थी इसलिए अस्पताल में डाक्टरों की टीम घायलों का इलाज करने पहले से मौजूद थी। 20 से अधिक यात्री इस हादसे में घायल होकर जिला अस्पताल पहुंचे। घायलों को गंभीर चोटें नहीं आई हैं, केवल दो यात्रियों का पैर फेक्चर हुआ है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *