पथुम निसांका दोहरा शतक लगाने वाले श्रीलंका के पहले खिलाड़ी, जयसूर्या का रिकॉर्ड टूटा

श्रीलंका के ओपनर बल्लेबाज पथुम निसांका ने शुक्रवार (नौ फरवरी) को अफगानिस्तान के खिलाफ तूफानी पारी खेली। उन्होंने पल्लेकेले में नाबाद 210 रन की पारी खेली। निसांका श्रीलंका के लिए वनडे में दोहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। सिर्फ वनडे ही नहीं बल्कि लिस्ट-ए क्रिकेट में भी वह ऐसा करने वाले पहले श्रीलंकाई बने हैं। उन्होंने पूर्व कप्तान और अपने समय के विस्फोटक ओपनर रहे सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। निसांका ने पूर्व कप्तान कुमार संगकारा के एक रिकॉर्ड को भी अब अपने नाम कर लिया है। निसांका के दोहरे शतक की बदौलत श्रीलंका ने 50 ओवर में तीन विकेट पर 381 रन बनाए। अविष्का फर्नांडो ने 88 और सदीरा समरविक्रमा ने 45 रन बनाए।निसांका श्रीलंका के लिए वनडे में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में जयसूर्या पहले स्थान पर थे। उन्होंने साल 2000 में भारत के खिलाफ 189 रन की पारी खेली थी। निसांका ने उनके रिकॉर्ड को उनके ही सामने तोड़ा। जयसूर्या भी इस युवा ओपनर की पारी को देखकर खुश थे और उन्होंने खड़े होकर तालियां बजाईं। निसांका ने 139 गेंद की पारी में 20 चौके और आठ छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 151.08 का रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *