पीएम मोदी और भूटान नरेश ने संबंधों की लगातार मजबूती को लेकर जताई प्रतिबद्धता

नई दिल्ली । पीएम मोदी ने नई दिल्ली में भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों नेताओं ने भारत-भूटान के बीच साझेदारी लगातार मजबूत करने को लेकर प्रतिबद्धता दोहराई।
पीएम मोदी ने सात लोक कल्याण मार्ग स्थित सरकारी आवास पर भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक और रानी जेत्सुन पेमा वांगचुक का स्वागत किया। पीएम ने दोनों को शुभकामनाएं देते हुए इसी वर्ष मार्च में अपनी राजकीय यात्रा के दौरान भूटान की सरकार और लोगों द्वारा दिए गए असाधारण गर्मजोशी भरे आतिथ्य को याद किया।
पीएम मोदी और भूटान नरेश ने द्विपक्षीय संबंधों की उत्कृष्ट स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच आर्थिक संपर्क बढ़ाने में हुई प्रगति की समीक्षा की तथा गेलेफू माइंडफुलनेस सिटी पहल पर विचारों का आदान-प्रदान किया, जो भूटान के विकास को गति देने तथा भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों के साथ संबंधों को मजबूत करने के लिए महामहिम द्वारा संचालित एक दूरदर्शी परियोजना है।
पीएम मोदी ने भूटान में आर्थिक विकास को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराई तथा 13वीं पंचवर्षीय योजना अवधि के लिए भूटान को भारत द्वारा दिए जाने वाले विकास सहयोग को दोगुना करने पर प्रकाश डाला। भूटान नरेश ने भूटान की खुशहाली, प्रगति और समृद्धि की आकांक्षाओं के लिए दृढ़ समर्थन के लिए पीएम मोदी और भारत के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक के बाद पीएम मोदी ने भूटान नरेश और रानी के सम्मान में मध्याह्न भोज का आयोजन किया।
उल्लेखनीय है कि भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *