दुर्ग में पीएम मोदी तो जगदलपुर व खरसिया से राहुल गांधी भरेंगे हुंकार

पहले चरण के चुनाव में मतदाताओं को साधने राष्ट्रीय नेताओं का धुआंधार दौरा जारी है। बस्तर के दुर्ग को साधने चार नवंबर को प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित बड़ी राजनीतिक हस्तियां चुनावी सभाओं में हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री दुर्ग शहर में सभा को संबोधित करेंगे, वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कांकेर में, राहुल गांधी जगदलपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव 2023 के लिए पहले चरण का मतदान सात नवंबर को होगा। बस्तर व दुर्ग संभाग की 20 सीटों को लेकर कांग्रेस-भाजपा ने अब पूरी ताकत झोंक दी है।

यही कारण है कि दोनों प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के स्टार प्रचारकों का एक के बाद लगातार दौरा कार्यक्रम व चुनावी सभाएं हैं। राज्य में अपनी सरकार बनाने राजनीतिक पार्टियां पूरा दमखम लगा रही है। केंद्र के नेता भी लगातार बस्तर पहुंच रहे हैं।

घोषणा-पत्र पर आवाज बुलंद करेंगे

चुनावी सभाओं में घोषणा-पत्र में किए गए वादों पर एक बार फिर राष्ट्रीय नेता अपनी आवाज बुलंद करेंगे। यहां मतदाताओं को साधने की रणनीति बनेगी। पहले चरण के मतदान के 48 घंटे पहले प्रचार कार्यक्रम पर प्रतिबंध लग जाएगा। इसलिए चार नवंबर को बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कांकेर में सभा, निशाना बस्तर पर

कांकेर में तीन दिन पहले प्रधानमंत्री ने सभा ली थी। अब योगी आदित्यनाथ शामिल हो रहे हैं। वे भानुप्रतापपुर के भाजपा प्रत्याशी गौतम उईके के समर्थन में जनसभा करेंगे। भाजपा ने इस आयोजन काे लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां की है। जिला प्रशासन ने सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में जवानों की तैनाती की हैं।

राहुल जगदलपुर व खरसिया में संभालेंगे मोर्चा

राहुल गांधी जगदलपुर व रायगढ़ में मोर्चा संभालेंगे। दोपहर एक बजे जगदलपुर में व दोपहर 2.30 बजे खरसिया में सभा शुरू होगी। इससे पहले राहुल गांधी कांकेर के भानुुप्रतापपुर में सभा को संबोधित कर चुके हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभनपुर व चंद्रपुर में तीन नवंबर को सभा को संबोधित करने के बाद वे दूसरे दिन जगदलपुर की सभा में शामिल होंगे। जगदलपुर में सभा के जरिए बस्तर के सीटों पर कांग्रेस की नजर रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *