पौंसरा स्थित तालाब में डाल दिया जहर, मिली थी धमकी

कोनी क्षेत्र के ग्राम पौंसरा स्थित तालाब में किसी ने जहर डाल दिया। इससे तालाब की मछलियां मर गई। तालाब को ठेके पर लेकर मछली पालन करने वाले स्व सहायता समूह के अध्यक्ष ने इसकी शिकायत कोनी थाने में की है। उन्होंने गांव के ही एक युवक पर संदेह व्यक्त किया है।

महिला की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोनी क्षेत्र के ग्राम पौंसरा में रहने वाली केजा बाई कुर्रे स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि गांव के कपुरा तालाब को समूह की महिलाओं ने 10 साल के लिए ठेके पर लिया है। समूह की महिलाएं चार साल से तालाब में मछली पालन कर रही हैं। सोमवार की सुबह अध्यक्ष तालाब की ओर गई थी। इस दौरान तालाब की मछलियां मरी हुई थी।

उन्होंने इसकी जानकारी समूह की महिलाओं को दी। गांव के लोगों ने पानी को सूंघकर देखा तो जहरीली बदबू आ रही थी। तालाब में करीब एक क्विंटल मछलियां मर गई थी। मछलियां जो जिंदा थी उनकी स्थिति भी खराब थी। महिला ने मामले की शिकायत कोनी थाने में की है।

उन्होंने बताया कि दो महीने पहले गांव में रहने वाला एक व्यक्ति तालाब की मेढ़ पर लगे पेड़ से लकड़ी काट रहा था। मना करने पर उसने तालाब में जहर डाल देने की धमकी दी थी। महिला की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *