बहराइच हिंसा के 26 और आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

बहराइच: बहराइच हिंसा के 26 और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। अब तक 87 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जिले में बाजार खुलने लगे हैं। शुक्रवार को मस्जिदों में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले का महाराजगंज कस्बा धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। शुक्रवार को जिले के बाजारों में चहल-पहल रही। जुमे की नमाज भी शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। हालांकि, मकानों पर ध्वस्तीकरण नोटिस चस्पा होने के कारण बुलडोजर की कार्रवाई की आशंका से लोग दहशत में हैं। सांप्रदायिक हिंसा मामले में पुलिस ने शुक्रवार को 26 और आरोपियों को गिरफ्तार किया।

अब तक 87 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें रामगोपाल की हत्या के आरोपी सरफराज और तालीम भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, महाराजगंज हिंसा मामले में अब तक दोनों समुदायों के 87 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इससे पहले पुलिस ने 61 लोगों को गिरफ्तार किया था। 13 अक्टूबर को हुई हिंसा में राम गोपाल की मौत हो गई थी। पुलिस ने 13 से 16 अक्टूबर तक 11 मामले दर्ज किए थे। इनमें 6 नामजद और करीब 1000 अज्ञात लोग शामिल हैं। इन मामलों और शांति भंग की आशंका के आधार पर ये गिरफ्तारियां की गई हैं।

महाराजगंज में हिंसा

13 अक्टूबर को महाराजगंज में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे पर आपत्तिजनक गाना बजाने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। इसके बाद पथराव और फायरिंग में राम गोपाल मिश्रा घायल हो गए थे। घटना के बाद राम गोपाल का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह दूसरे समुदाय के घर की छत पर चढ़कर उनका झंडा फाड़ते नजर आ रहे हैं। इस घटना में कई लोग घायल भी हुए थे।

इसके बाद राम गोपाल के अंतिम संस्कार में हजारों लोगों की भीड़ हाथों में लाठी-डंडे लेकर जुट गई। भीड़ ने दूसरे समुदाय के लोगों की दुकानों और घरों में तोड़फोड़ और आगजनी की। इस बीच भीड़ बेकाबू हो गई और कई घंटों तक उत्पात मचाया। अस्पताल और बाइक शोरूम जला दिए गए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *