इंदौर चार नंबर विधानसभा में भी शुरू हुई धार्मिक यात्राओं की राजनीति

 इंदौर ।  इन दिनों पूरे प्रदेश में धार्मिक कथाओं और यात्राओं का जोर है। कई नेता इसी सहारे राजनीति चमकाने में लगे हैं। इंदौर में धार्मिक यात्रा करवाने के मामले में विधानसभा क्षेत्र क्रमांक एक से कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला का नाम आगे रहता है। दो नंबर के विधायक रमेश मेंदोला और समाजसेवी कमलेश खंडेलवाल भी बीच-बीच में ऐसे आयोजन करवाते रहते हैं। अब इस कड़ी में शिक्षाविद् अक्षय बंम का नाम भी शामिल हो गया है। वे विधानसभा चार के वार्ड 66 के लोगों को ओंकारेश्वर यात्रा पर ले जा रहे हैं। इस बहाने वे वाकई सेवा कर रहे हैं या सियासत, यह वक्त बताएगा, पर इस बहाने लोगों को धार्मिक यात्रा का आनंद तो मिल ही रहा है। वैसे बता दें कि अक्षय कुछ दिनों से इंदौर की अयोध्या कहे जाने वाली विधानसभा चार में खासे सक्रिय हैं।

इतनी जल्दबाजी में क्यों रहते हैं शंकर भिया?

कोरोनाकाल में सबसे सक्रिय सांसद का तमगा पा चुके शंकर लालवानी इन दिनों फिर चर्चा में हैं। दरअसल, हमारे शंकर भैया ने 24 अप्रैल से इंदौर-रीवा वंदे भारत ट्रेन चलवा दी थी, इसका पत्र भी उन्होंने खूब प्रसारित करवाया था। खैर ये ट्रेन तो अब तक नहीं चली, लेकिन सांसद जी की चर्चा दिल्ली तक चल गई। वैसे ये पहला मौका नहीं है, जब लालवानी के चर्चे दिल्ली तक हुए हों। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री का एक फोटो फेसबुक पर शेयर किया था, जिसे वे उज्जैन का फोटो बता रहे थे, जबकि वह फोटो गुजरात का था। इससे भी उनकी जमकर किरकिरी हुई थी। इसी तरह इंदौर की रीढ़ बन चुके शास्त्री ब्रिज को तोड़कर फिर बनवाने के मामले में भी वे जल्दबाजी में दिखे थे। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मजमा लूटने के चक्कर में शंकर भिया हर मामले में जल्दबाजी दिखाते हैं और कई बार मुंह की खा जाते हैं।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *