भोपाल में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तैयारियां, डॉ मोहन यादव आज लेंगे शपथ

शपथ ग्रहण में मोदी, शाह और नड्डा शामिल आएंगे

भोपाल । मध्य प्रदेश के नए मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव के शपथ ग्रहण समारोह की राजधानी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। डॉ यादव कल 13 नवंबर, बुधवार को 12 बजे भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला उप मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। माना जा रहा है कि कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।
जानकारी के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आएंगे। इसके अलावा शपथ ग्रहण समारोह में कई केंद्रीय नेताओं और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह की जोरदार तैयारियां की जा रही हैं। समारोह स्थल पर विशाल डोम बनाया जा रहा है, जिसमें दो हजार मेहमानों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ लाल परेड मैदान में तीन हेलीपैड बनाए जा रहे हैं।

मैं तो सिर्फ जनता का सेवक हूं
इधर  मप्र के नए सीएम डॉ यादव ने शपथ ग्रहण के पहले मंगलवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि  मैं भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता हूं। मैंने इस नई जिम्मेदारी को सेवक की तरह लिया है। सेवा की भावना के आधार पर जनता के बीच में हम क्या कर सकते हैं, लगातार उसी दिशा में काम कर रहे हैं और आगे भी करेंगे।

कमलनाथ-दिग्विजय ने बधाई दी
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज सुबह मप्र के नए सीएम डॉ मोहन यादव को उनके विंध्य कोठी स्थित निवास पर पहुंचकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुझे उम्मीद है कि भाजपा ने चुनाव में प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं वे उन्हें पूरा करेंगे।  पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजिय सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट कर मोहन यादव को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा-डॉ यादव को सीएम बनने पर हमारी हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। हमें उम्मीद है वे चुनाव में भाजपा द्वारा किए हुए वादे पूरे करेंगे। हमें जनता ने एक बार फिर से विपक्ष का जिम्मा सौंपा है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *