सेना की भर्ती रैली ग्वालियर में कराने की तैयारी:वैकेंसी दोगुनी – अग्निवीर के1800 पद, नोटिफिकेशन जल्द
ग्वालियर, सेना में अग्निवीर बनने का सपना देख रहे ग्वालियर-चंबल अंचल के युवाओं के लिए बड़ी खबर है। सेना इस बार भर्ती का दायरा बढ़ाने जा रही है। करीब एक लाख खाली पदों को भरने के लक्ष्य के तहत 2026 की भर्ती प्रक्रिया में चंबल अंचल के लिए वैकेंसी लगभग दोगुनी कर 1800 तक की जा सकती है। वर्ष 2024 में यह संख्या 832 थी।
भर्ती प्रक्रिया फरवरी में शुरू होने की संभावना है और इसका नोटिफिकेशन एक सप्ताह के भीतर जारी हो सकता है। सेना इस बार भर्ती रैली शिवपुरी या सागर के बजाय ग्वालियर में कराने के मूड में है। इसके लिए सेना के अधिकारी शासन स्तर पर बातचीत करेंगे।
पिछले वर्ष ग्वालियर प्रशासन की ओर से समय पर सहमति नहीं मिलने के कारण भर्ती रैली शिवपुरी शिफ्ट करनी पड़ी थी।
सेना के आंकड़े बताते हैं कि ग्वालियर-चंबल अंचल के युवाओं में फौज के प्रति जबरदस्त रुझान है। 2025-26 की भर्ती में कुल 1716 युवाओं का चयन हुआ, जिनमें से भिंड, मुरैना और ग्वालियर के 1143 युवा शामिल थे, जबकि शेष सात जिलों से केवल 573 युवाओं का चयन हो सका।
सेना का मानना है कि यदि भर्ती ग्वालियर में होती है तो पंजीयन और फिट युवाओं की संख्या में बड़ा इजाफा होगा। वहीं कलेक्टर रुचिका चौहान ने कहा कि प्रस्ताव मिलने पर शासन को भेजकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शासन स्तर पर बात करेंगे 2026-27 के लिए नोटिफिकेशन इसी महीने जारी होगा। इस बार पद ज्यादा हैं, इसलिए हमारी कोशिश है कि भर्ती ग्वालियर में ही हो ताकि अधिक से अधिक युवाओं को मौका मिले। हम शासन स्तर पर बात करेंगे।
-कर्नल पंकज कुमार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय
