आज ग्वालियर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी प्रियंका गांधी

ग्वालियर । ग्वालियर-चंबल अंचल में विधानसभा चुनाव का शंखनाद करने के लिए शुक्रवार की सुबह 11 बजे कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी विशेष विमान से ग्वालियर आएंगी। विमानतल से सीधे रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए जाएंगीं। उसके बाद मेला ग्राउंड में सभा को संबोधित करेंगी।
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में प्रियंका गांधी की यह दूसरी सभा है। इससे पहले वे जबलपुर में चुनाव प्रचार का बिगुल बजा चुकी हैं और प्रदेश की जनता से कांग्रेस की सरकार बनने पर पांच वादे भी कर चुकी हैं। अंचल में होने वाली सभा की पटकथा के लेखक पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह माने जा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस ने प्रियंका गांधी की सभा के लिए एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य तय किया है। इसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तीन दिन से अंचल में कैंप किए हुए हैं। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह भी कार्यकर्ताओं की बैठक ले चुके हैं। इसके अलावा ग्वालियर-चंबल अंचल की 34 विधानसभा सीटों पर टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं को भी भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी है।
प्रदेश प्रवक्ता आरपी सिंह व संभागीय प्रवक्ता धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि मेला ग्राउंड में सभा स्थल पर तीन स्टेज बनाई गई हैं। प्रियंका गांधी के साथ प्रदेश के पहले पंक्ति के नेता पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी जेपी अग्रवाल, विवेक तन्खा, सुरेश पचौरी, डा़ गोविंद सिंह, अजय सिंह सहित प्रमुख नेताओं के लिए स्थान आरक्षित किया गया है। इस स्टेज के दाएं-बाएं दो और स्टेज होंगी। एक स्टेज पर संगठन के नेता प्रोटोकोल के अनुसार बैठेंगे और दूसरी स्टेज पर पूर्व मंत्री व विधायकों के लिए आरक्षित की गई है। डोम में एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था का दावा कांग्रेस कर रही है।
प्रियंका गांधी की सभा की पटकथा तैयार है। उद्देश्य और लक्ष्य पहले से तय हैं। प्रियंका गांधी का भाषण भी महंगाई, भ्रष्टाचार व पटवारी घोटाले के साथ सिंधिया पर प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रहेगा। कमल नाथ व दिग्विजय सिंह के अलावा अन्य वक्ता किन- किन मुद्दों पर बोलेंगे यह भी पहले से तय किया गया है। कुल मिलाकर सभा दिग्विजय सिंह द्वारा लिखी गई स्क्रिप्ट पर होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *