वादे का क्या है, वादा तो टूट जाता है…

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। घोषणा पत्र में कांग्रेस ने आम बिजली उपभोक्ता को 100 यूनिट तक बिजली बिल माफ करने, 27 फीसदी ओबीसी आरक्षण देने और जातीय जनगणना कराने जैसे वादे किए हैं। कांग्रेस ने राज्य के सभी लोगों को 25 लाख का स्वास्थ्य बीमा देने, राज्य की आईपीएल की टीम बनाने जैसे वादे किए गए हैं।

इस घोषणा पत्र के जारी होने के बाद से ही चर्चा है कि बीते विधानसभा चुनाव में भी मध्य प्रदेश की जनता के साथ कांग्रेस ने ऐसे ही वादे किए थे, जो कभी पूरे नहीं किए गए। वहीं, भाजपा नेताओं का मानना है कि पूर्व से चल रही कई सरकारी योजनाओं को पैसा नहीं होने का बहाना बनाकर बंद कर दिया गया था। मध्य प्रदेश के अलावा और भी कांग्रेस शासित राज्य हैं, जहां जनता से किये गये वादे पूरे नहीं किए गए हैं। 

कांग्रेस शासित राज्यों की जनता ठगी गई  
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में एक लाख रोजगार का वादा किया था जो आज तक अधूरा है। यहां कांग्रेस महिलाओं को 1500 रुपए हर महीने देने का वादा कर सत्ता में आई और फिर सरकार बनते ही ‘नियम एवं शर्तें लागू’ जैसे शब्दों के साथ खेलकर केवल कुछ ही महिलाओं को इस योजना का लाभ दिया। जबकि प्रदेश की लाखों महिलाएं आज भी 1500 रुपए की आस लगाए हुए हैं। 

न बेरोजगारी भत्ता मिला, न बिजली

राजस्थान में कांग्रेस सरकार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा कर मुकर गई। कर्नाटक में फ्री बिजली का वादा करने वाली कांग्रेस ने सत्ता में आते ही बिजली दो रुपए/यूनिट बढ़ा दी थी। 
कमलनाथ ने भी की थी वादाखिलाफी

2018 विधानसभा चुनाव के बाद कमलनाथ ने मुख्यमंत्री बनने के बाद घोषणा पत्र के वादों को पूरा नहीं किया। कमलनाथ का ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को 10-10 सिलाई मशीन देने का वादा कांग्रेस ने कभी पूरा नहीं किया। कांग्रेस ने चुनाव से पहले किसानों से कर्जमाफी का वादा किया और फिर सत्ता में आते ही अन्नदाता को तीन रंगों के फार्म में उलझा दिया। इस झूठे वादे ने प्रदेश के लाखों किसानों को डिफॉल्टर बना दिया था। 

900 वचन में से 9 भी पूरे नहीं!

कांग्रेस का चुनावी घोषणा पत्र जारी होने के बाद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि ये कांग्रेस का वचन पत्र नहीं "झूठ पत्र" है। कांग्रेस ने 500 साल पहले भी जनता को 900 से अधिक वचन दिए थे, जिसमें से 9 वचन भी पूरे नहीं किए। आज फिर उन्होंने महाझूठ पत्र प्रस्तुत किया है। कांग्रेस की सच्चाई जनता जानती है इसलिए वह भ्रम में नहीं आने वाली। हम पूछना चाहते हैं नौजवानों को 4000 बेरोजगारी भत्ता कब मिलेगा? समर्थन मूल्य पर बोनस कब मिलेगा? समूहों का कर्जा कब माफ होगा? इस झूठ पर जनता भरोसा करने वाली नहीं है, क्योंकि जनता जानती है भाजपा जो कहती है वो पूरा करती है और जो नहीं कहती उसे भी पूरा करती है। लाड़ली बहना योजना दृष्टि पत्र में नहीं थी लेकिन हमने इसे लागू किया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *