पुतिन की बढ़ी मुश्किलें, वैगनर ग्रुप ने रूसी कमांडर को बनाया बंधक

यूक्रेन के साथ जारी युद्ध के बीच रूसी सेना में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। वैगनर ग्रुप और रूसी सेना के बीच कई बार मतभेद की खबरें आ चुकी हैं लेकिन अब हालात नियंत्रण से बाहर जा रहे हैं। दरअसल वैगनर ग्रुप ने रूसी सेना के एक शीर्ष कमांडर को बंधक बना लिया है। इतना ही नहीं वैगनर ग्रुप ने रूसी सेना के कमांडर का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर भी साझा कर दिया है। इससे रूसी सेना और वैगनर ग्रुप के बीच की तकरार खुलकर सामने आ गई है।

वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोझिन के सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया गया है। इस वीडियो में दिख रहा है कि रूस की सेना की 72वीं ब्रिगेड के कमांडर लेफ्टिनेंट कर्नल रोमन वेनेवितिन को वैगनर ग्रुप ने बंधक बनाया हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि शराब के नशे में वेनेवितिन ने बताया कि 'उन्होंने अपने सैनिकों को वैगनर के काफिले पर गोलीबारी करने का आदेश दिया था।' वेनेवितिन ने ये भी कहा कि 'वह वैगनर ग्रुप को पसंद नहीं करता और बाद में माफी भी मांगी।'

बता दें कि रूसी सेना और येवगेनी प्रिगोझिन के नेतृत्व वाली वैगनर ग्रुप में बीते कुछ समय से तकरार बढ़ी है। बीते हफ्ते ही प्रिगोझिन ने कुछ वीडियो जारी कर सेना पर गंभीर आरोप लगाए थे। प्रिगोझिन ने कहा कि बाखमुत में उसके सैनिकों को हथियारों की पर्याप्त आपूर्ति नहीं हो पा रही है। प्रिगोझिन ने हाल ही में दावा किया था कि उसके सैनिकों ने विस्फोटक बरामद किया है, जो रूसी रक्षा मंत्रालय के लोगों ने ही लगाया था। हालांकि अभी तक रूसी रक्षा मंत्रालय का इस पर कोई बयान नहीं आया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *