पुतिन के सीनियर जनरल की मॉस्को में हत्या, कार में बम विस्फोट कर बनाया निशाना

मॉस्को: रूस के एक वरिष्ठ सैन्य जनरल की दक्षिणी मॉस्को में हत्या कर दी गई है। समाचार एजेंसी AP की रिपोर्ट के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल फानिल सरवारोव को कार के नीचे लगाए गए विस्फोटक डिवाइस में धमाके के जरिए निशाना बनाया गया। वे जनरल स्टाफ के ट्रेनिंग डिपार्टमेंट के हेड थे। धमाका इतना तेज था कि रूस की जांच समिति ने लेफ्टिनेंट जनरल सरवारोव की हत्या की जांच शुरू की है। इस जांच में यह भी शामिल होगा कि क्या यह हमला यूक्रेनी स्पेशल फोर्सेज से जुड़ा था। यूक्रेन में रूस का सैन्य अभियान शुरू होने के बाद से यूक्रेनी एजेंसिया कई रूसी सैन्य अधिकारियों को निशाना बना चुकी हैं।

जनरल सरवारोव कौन थे?

रूसी रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार, लेफ्टिनेंट जनरल सरवारोव एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी थी। उन्हें 1990 और 2000 के दशक की शुरुआत में दक्षिणी रूस में आतंकवाद विरोधी ऑपरेशंस का मुकाबला करने का अनुभव था। 56 साल के सरवारोव को 2016 में ट्रेनिंग डिपार्टमेंट का प्रमुख बनाया गया था। यह विभाग स्टाफ एक्सरसाइज और दूसरी ऑपरेशनल एक्टिविटीज के जरिए सीनियर अधिकारियों को ट्रेनिंग देने के लिए जिम्मेदार है। इस पद पर आने से पहले उन्होंने सीरिया में रूस की सैन्य तैनाती में भी हिस्सा लिया था।

यूक्रेन के निशाने पर रूसी सैन्य अधिकारी

सरवारोव की हत्या हाल के वर्षों में कई हाई-प्रोफाइल रूसी सैन्य अधिकारियों की हत्याओं की कड़ी का अगला हिस्सा है। इसी साल अप्रैल में रूसी जनरल स्टाफ के डेप्युटी जनरल यारोस्लाव मोस्कालिक की मॉस्को के पास एक कार बम धमाके में मौत हो गई थी। इसके पहले दिसम्बर 2024 में रूस की रेडियोलॉजिकल, केमिकल और बायोलॉजिकल डिफेंस फोर्सेज के प्रमुख इगोर किरिलोव की मॉस्को में एक इलेक्ट्रिक स्कूटर धमाके से मौत हो गई थी। इस हमले की जिम्मेदारी यूक्रेन की SBU सुरक्षा सेवा ने ली थी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *