अमेरिका के साथ ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस का पहला किसान सम्मेलन MP में, 24 फरवरी को भोपाल पहुंचेंगे राहुल और खरगे

भोपाल। अमेरिका के साथ ट्रेड डील के विरोध में कांग्रेस पहला किसान सम्मेलन मध्य प्रदेश में 24 फरवरी को करने जा रही है। इसमें लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सम्मिलित होंगे। दोनों नेता दोपहर 12 बजे के करीब भोपाल पहुंचेंगे और तीन घंटे से अधिक समय तक रहेंगे।
इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों की बैठक कर सकते हैं। किसान सम्मेलन अटल पथ अथवा लाल परेड मैदान में कराने की तैयारी है। इसमें प्रदेश भर से किसान आएंगे।

राहुल का एक वर्ष में यह पांचवां प्रदेश दौरा

राहुल गांधी का एक वर्ष में यह पांचवां प्रदेश दौरा है। इसके पहले वह इंदौर आए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ट्रेड डील से सबसे अधिक नुकसान मध्य प्रदेश को होने वाला है, इस कारण किसान सम्मेलनों की शुरुआत मध्य प्रदेश से की जा रही है।

राजस्थान, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में भी सम्मेलन होंगे

इसके बाद राजस्थान, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में भी सम्मेलन होंगे। उन्होंने कहा, देश में कोई सरकार रही हो पर आजादी के 75 वर्ष तक किसी देश को भारत में इस तरह से व्यापार की अनुमति नहीं मिली। इस समझौते से मक्का, कपास और सोयाबीन पर मध्य प्रदेश में बड़ा असर आने वाला है।
प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा कि अमेरिका से समझौते का असर किसान ही नहीं व्यापारियों और उद्योगपतियों पर भी पड़ेगा। देश में खराब गुणवत्ता का सामान बेचने की यह ट्रेड डील है।

भारत नहीं अमेरिका के किसानों की आय दोगुनी होगी

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने चिंता की है कि यह डील देश हित में नहीं है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2014 में कहा था कि देश के किसानों की आय दोगुनी होगी, लेकिन ट्रेड डील से अमेरिका के किसानों की आय दोगुनी करना चाहते हैं।
इसमें चिंतन करने की जरूरत है। देश में इतना सोयाबीन उत्पादित हो रहा है कि बाहर से लाने की जरूरत ही नहीं है। इस डील से भारत के लोगों की रोजी-रोटी पर अमेरिका अतिक्रमण करेगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *