पिकनिक मनाकर लौटे रेलकर्मियों का उत्पात, चेकिंग के दौरान सिपाही की फाड़ी वर्दी, लात-जूतों से किया लहूलुहान

भोपाल। कोलार रोड स्थित डीमार्ट चौराहे पर ट्रैफिक चेकिंग के दौरान बस रोकने पर रेलवेकर्मियों ने पुलिसकर्मी की पिटाई कर दी। रेलवे कर्मचारियों ने सिपाही को धक्का मारकर सड़क पर गिराया और फिर उसे लात-जूतों से जमकर पीटा। साथ ही उसकी वर्दी फाड़ दी। रेलवेकर्मी कठौतिया से पिकनिक मनाकर लौट रहे थे। उनकी बस की नंबर प्लेट पर एक बैनर चिपका हुआ था, इसी बात को लेकर पुलिसकर्मी ने उन्हें रोका था।

शिकायत पर कोलार पुलिस ने रेलवे की महिलाकर्मचारियों समेत कुल सात लोगों पर मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने का केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब छह बजे कोलार क्षेत्र में डीमार्ट के पास ट्रैफिक पुलिसकर्मी सरजीत सिंह सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान कठोतिया जंगल से पिकनिक मनाकर लौट रही रेलवे कर्मचारियों से भरी एक बस वहां से गुजर रही थी। पुलिसकर्मी ने देखा कि बस की नंबर प्लेट के ऊपर एक बैनर लगा हुआ है, जिससे वाहन का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था।

नियमों का उल्लंघन देखते हुए ट्रैफिक पुलिसकर्मी सरजीत सिंह ने बस को रोक लिया और ड्राइवर से वाहन के दस्तावेज मांगे। साथ ही ड्राइवर को हिदायत दी कि नंबर प्लेट के ऊपर लगा बैनर तुरंत हटाया जाए ताकि वाहन का नंबर स्पष्ट दिखाई दे सके।

इस दौरान बस में सवार कुछ महिलाएं और युवक नीचे उतर आए और पुलिसकर्मी से बहस करने लगे। देखते ही देखते बहस बढ़ गई और आरोपितों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। जब सिपाही सरजीत सिंह ने विरोध किया तो कुछ लोगों ने उनके साथ झूमाझटकी करते हुए उसे सड़क पर लिटा दिया और लात-जूतों से जमकर पीटा।

इस दौरान उनकी वर्दी भी फट गई। स्थिति बिगड़ती देख ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी। एसीपी चूनाभट्टी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपितों को हिरासत में लिया। उधर रेलवेकर्मियों ने भी पुलिसकर्मी पर पहले मारपीट का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने सिपाही की शिकायत पर रेलवेकर्मियों के विरुद्ध केस दर्ज किया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *