वोट बैंक के लिए राजभर और दारा सिंह चौहान को बनाया जा रहा मंत्री-अजय राय

लखनऊ । कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल विस्तार पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि ओम प्रकाश राजभर और दारा सिंह चौहान के समाज के लोगों का वोट लेने के लिए इन्हें मंत्री बनाया जा रहा है। इन्हें पहले क्यों नहीं बनाया गया जब ये लोग अपने समाज को लाभ दिलाने की स्थिति में थे। अब चुनाव आ रहा है तो मंत्री बनाया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी खुद टिकट लौटा रहे हैं। कोई राजनीतिक जीवन से सन्यास ले रहा है। इससे लोकसभा चुनाव में भाजपा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने अतिवृष्टि व ओलावृष्टि में किसानों को हुए नुकसान पर कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कमरे में बैठकर कहा कि तूफान से नुकसान की 24 घंटे में भरपाई होगी लेकिन हकीकत एकदम अलग है। मैं खुद गांवों में गया था। किसानों ने बताया कि न तो कोई अधिकारी आया और न ही भाजपा के जनप्रतिनिधि। ऐसे में सीएम बताएं कि मुआवजा कैसे मिलेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार झूठ बोल रही है। पिछले बजट में नाममात्र के किसानों को मुआवजा दिया गया और इस साल भी मल्टीनेशनल कंपनियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसान क्रेडिट कार्ड से बीमा कट रहा है तो फिर मुआवजा क्यों नहीं दिया जा रहा है? उन्होंने इलेक्टोरल बांड के मुद्दे पर सवाल करते हुए कहा कि आखिर सरकार नाम क्यों नहीं उजागर करना चाहती है?

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *