भारतीय सेना में अग्निवीरों की भर्ती 2 से 8 अगस्त के बीच होगी 

भोपाल।  प्रदेश के ग्वालियर जिले में आगामी 2 से 8 अगस्त के बीच भारतीय सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए परीक्षा दिव्यांग खेल स्टेडियम में होगी। इसके लिए सामाजिक न्याय मंत्रालय से अनुमति मिल चुकी है। परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए स्थानीय प्रशासन ने 21 जून को वृहद बैठक बुलाई है। ग्वालियर में 10 साल बाद शारीरिक भर्ती परीक्षा होने जा रही है, इसलिए प्रशासन अधिक सतर्क है। अग्निवीर योजना के पूर्व 2013 में यहां सेना भर्ती रैली हुई थी, तब काफी उपद्रव हुआ था। इसी कारण जब सेना ने ग्वालियर में शारीरिक भर्ती का प्रस्ताव प्रशासन के पास भेजा तो वह पहले मुकर गया। बाद में जब तय हुआ कि शारीरिक भर्ती तो यहीं होगी, इसके चलते अभी से प्रशासन तैयारी में जुट गया है। इसी के चलते कलेक्टर रुचिका चौहान पुलिस और सेना के अधिकारियों के साथ मिलकर बैठक करेंगी। शारीरिक भर्ती के लिए जिस दिव्यांग स्टेडियम का चयन किया गया है, वह ग्वालियर-मुरैना हाईवे पर है। यहां अभ्यर्थियों के दौड़ने के लिए सिंथेटिक ट्रैक है। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी हैं। कई अभ्यर्थी एक दिन पहले ही ग्वालियर पहुंच जाएंगे इसके लिए भर्ती स्थल के आसपास अभ्यर्थियों के रुकने, पानी के इंतज़ाम किए जाएंगे। भर्ती में ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना, दतिया, श्योपुर, भिंड, सागर, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़ ज़िले के अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल होंगे। सुरक्षा के लिए काफी फोर्स तैनात किया जाएगा। सेना के अधिकारियों ने बताया कि प्रतिदिन औसतन 1000 से 1500 अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल होंगे। रात 3 बजे से दौड़ शुरू हो जाएगी। सुबह क़रीब 7 बजे तक हर दिन शारीरिक परीक्षा संपन्न हो जाएगी। इससे शहरवासियों को असुविधा नहीं होगी। अभ्यर्थियों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से दिव्यांग खेल स्टेडियम तक आवागमन के लिए सवारी वाहनों का इंतजाम किया जाएगा। बता दें कि भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती के लिए केंद्र सरकार की बहुचर्चित योजना अग्निपथ का विरोध जिस ग्वालियर में सबसे ज्यादा हुआ था, अब वहीं पर अग्निवीर के लिए शारीरिक भर्ती परीक्षा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *