ट्रेडिंग और आईपीओ में मोटे मुनाफे का झांसा देकर भोपाल के रिटायर्ड अधिकारी से 1.06 करोड़ की साइबर ठगी

भोपाल। शेयर बाजार और आईपीओ में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने राजधानी के एक बुजुर्ग से एक करोड़ छह लाख 60 हजार रुपये से अधिक की ठगी कर ली। शिकायत के बाद मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बरखेड़ी सूरजनगर निवासी 60 वर्षीय लाखन लाल उईके रिटायर्ड शासकीय अधिकारी हैं। उनको अप्रैल 2025 में एक वॉट्सएप नंबर से संदेश मिला। संदेश भेजने वाली महिला ने खुद को एक प्रतिष्ठित ट्रेडिंग कंपनी की प्रतिनिधि बताया और उन्हें एक निवेश संबंधी वॉट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया। ग्रुप में शेयर ट्रेडिंग और आइपीओ में निवेश पर प्रतिदिन 10 प्रतिशत तक लाभ दिलाने का दावा किया जाता था।

कुछ दिनों तक गतिविधियां देखने के बाद उईके ने निवेश करना शुरू किया। आरोपियों ने उन्हें एक लिंक भेजकर पंजीयन कराया और मोबाइल में एक ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया। शुरुआत में उन्होंने एक लाख रुपये जमा किए। एप में निवेश राशि और बढ़ता हुआ मुनाफा दिखने लगा, जिससे उनका भरोसा मजबूत हो गया।

ठगी में 100 से ज्यादा बैंक खातों का उपयोग

ठगों ने प्री-लिस्टिंग आईपीओ शेयर और बड़ी कंपनियों के शेयर कम कीमत पर उपलब्ध कराने का झांसा देकर निवेश करवाया। अलग-अलग कंपनियों के नाम पर शेयर आवंटन दिखाकर उनसे करोड़ों रुपये जमा कराए गए। जब पीड़ित ने निवेश की राशि निकालने का प्रयास किया तो उनसे और रकम जमा करने की मांग की गई।

संदेह होने पर उन्होंने संबंधित लोगों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। जांच में सामने आया है कि ठगी के लिए 100 से अधिक मोबाइल नंबरों, फर्जी ट्रेडिंग एप और कई बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *