रिटायर्ड फौजी की गला रेतकर हत्या…

ग्वालियर। ग्वालियर के पुरानी छावनी इलाके में एक रिटायर्ड फौजी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसकी हाथ की नसें भी काटी गई हैं। इस मामले में रिटायर्ड फौजी की एक महिला रिश्तेदार पर पुलिस को शक है। जो दो दिन उसके साथ उसी घर में रही। फिलहाल न तो हत्यारे तक पुलिस पहुंच सकी है न ही हत्या की वजह स्पष्ट हुई है। फिलहाल पुरानी छावनी पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिया है। मृतक के स्वजनों काे भी सूचित कर दिया गया है।

मूल रूप से आलमपुर दबोह में रहने वाला देवेंद्र माहौर रिटायर्ड फौजी है। 2020 में वह फौज से रिटायर्ड हुआ है। इसके बाद पुरानी छावनी इलाके में स्थित बरां गांव में उसने अपना मकान बना लिया था। यहीं वह रहने लगा था। गांव में उसका परिवार रहता था। यहां वह अकेला रह रहा था। दो दिन से वह घर से बाहर नहीं निकला था। घर का दरवाजा बंद था। आसपास रहने वाले लोगों को जब दुर्गंध आई तो पुलिस को सूचना दी। सीएसपी महाराजपुरा रवि भदौरिया ने बताया कि सूचना मिलते ही यहां पहुंचे। घर के अंदर जब पहुंचे तो शव खून से लथपथ पड़ा था। उसका गला काटा गया था, हाथ की नसें भी काटी गई है। धारदार हथियार से कई वार किए गए हैं। जब आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ की गई तो बताया गया कि कुछ दिनों पहले एक महिला रिश्तेदार देवेंद्र माहौर के यहां रहने के लिए आई थी। वह देवेंद्र के साथ ही रह रही थी। वह रिश्ते में देवेंद्र की साली लगती है। वही दो दिन से गायब है। सीएसपी भदौरिया ने बताया कि इसके चलते प्रथम दृष्टया वही संदिग्ध है। उसी की तलाश चल रही है। उसके मिलने के बाद पूरी कहानी स्पष्ट हो सकेगी।

आशनाई में हत्या की आशंका: सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि जिस तरीके से हत्या की गई है, उससे शक है- आशनाई हत्या की वजह हो सकती है। वहीं मृतक शराब का नशा करने का आदी था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *