साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट भक्तों से मिले सिक्कों से परेशान, बैंक लेने से कर रहे इंकार 

मुंबई । देश में मंदिर हमारी आस्था के साथ-साथ समृद्ध धार्मिक विरासत के भी प्रतीक हैं। भारत में कई मंदिर हैं, जहां हर साल करोड़ों का चढ़ावा आता है। महाराष्ट्र के शिरडी में स्थित साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट अब भक्तों द्वारा दान किए जाने वाले सिक्कों से परेशान है। हालत यह है कि अब बैंकों ने भी इन सिक्कों को लेने से इनकार कर दिया है। 
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अतिरिक्त सिक्के रखने के लिए बैंक में जगह नहीं है। शिरडी मंदिर के पास 3.5 से 4 करोड़ रूपये के आसपास के सिक्के हैं। बैंकों ने सिक्के लेने में आनाकानी शुरू कर दी है। वहीं मंदिर ट्रस्ट के पास इन सिक्कों को रखने के लिए जगह की कमी पड़ रही है। 
गौरतलब है कि मंदिर ट्रस्ट, शिरडी के 13 राष्ट्रीयकृत बैंकों में पैसे जमा करता है। मंदिर के कार्यकारी सीईओ जाधव के मुताबिक मंदिर में आने वाले भक्त अपनी श्रद्धा के हिसाब साईं बाबा को चढ़ावा चढ़ाते हैं। इनकी सप्ताह में 2 बार गणना की जाती है। फिलहाल इन बैंकों में 11 करोड़ रुपये के सिक्के जमा हैं। साईं बाबा मंदिर ट्रस्ट इस समस्या से निजात पाने के लिए शिरडी शहर में मौजूद अन्य बैंकों में अकाउंट खोलने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा ट्रस्ट ने इस समस्या का समाधान निकालने के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से आग्रह किया है। 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *