7 दिन मौत से जूझने के बाद सलीम वास्तिक ने खोली आंखें, बेटे उस्मान ने बताया- कैसी है अब हालत

 गाजियाबाद: उत्‍तर प्रदेश के गाजियाबाद में जानलेवा हमले के एक हफ्ते बाद भी चर्चित यूट्यूबर और खुद को ‘एक्स मुस्लिम’ बताने वाले सलीम वास्तिक की हालत को लेकर संशय बना हुआ है। दावा किया जा रहा है कि हमले के सात दिन बाद सलीम को होश आ गया है। दिल्ली के मैक्स अस्पताल के आईसीयू में भर्ती सलीम अब डॉक्टरों की बातों पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हालांकि वह अभी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

सामने आए करीब 5 सेकेंड के एक वीडियो में सलीम वास्तिक अस्‍पताल के बेड पर लेटे नजर आ रहे हैं। उनके गले पर ऑपरेशन के टांके दिखाई दे रहे हैं और उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया जा रहा है। वीडियो में डॉक्टर जब उन्हें नाम लेकर पुकारते हैं तो सलीम आंखें खोलकर देखते हैं। डॉक्टर के कहने पर वह जीभ बाहर निकालते भी नजर आते हैं, जिससे साफ है कि वह आसपास की बातों को समझ पा रहे हैं। ये वीडियो अस्पताल की तरफ से जारी बताया गया है।

पिता अभी भी वेंटिलेटर पर: उस्‍मान

सलीम के बेटे उस्मान ने एनबीटी ऑनलाइन को बताया कि उनके पिता अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। डॉक्टर उनको दवाइयों के जरिए कुछ देर के लिए होश में लाए थे जिससे पता लगा सकें कि सलीम वास्तिक की दिमागी की हालत कैसी है। हमले में कहीं दिमाग में तो कोई चोट नहीं आई है? उस्मान ने बताया कि अस्पताल की ओर से उन्हें उनके पिता की कोई वीडियो नहीं दी गई है। उन्होंने भी कहीं और से ये वीडियो देखी।

दोस्‍त ने जताया AI वीडियो होने का संदेह

वहीं, सलीम वास्तिक के एक दोस्त का कहना है कि जो वीडियो अस्पताल से सामने आई है, उस पर उन्हें शक है। ये वीडियो एआई का इस्तेमाल कर बनाई गई लगती है। इसमें गले में दो जगह टांके दिखाए गए हैं, जबकि सलीम के गले पर एक ही जगह टांके लगे हैं।

48 घंटे के भीतर मारे गए थे गुलफाम और जीशान

आपको बता दें कि 27 फरवरी को गाजियाबाद के लोनी इलाके में सलीम वास्तिक के दफ्तर में घुसकर दो भाइयों ने उन पर चाकू और पेपर कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। करीब चार मिनट तक चले इस हमले में सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने मामले में अमरोहा के रहने वाले जीशान और गुलफाम को आरोपी बताया था। 48 घंटों के भीतर अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में दोनों को पुलिस ने मार गिराया था।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *